LoC पर जैश के आतंकियों की घुसपैठ की कोशिश नाकाम, सेना के हत्थे चढ़ा पाकिस्तानी गाइड
Army Foils Major JeM Infiltration Attempt: जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LoC) पर आतंकियों की घुसपैठ कोई नई बात नहीं। इस बार सेना की सतर्कता और तेजी से की गई कार्रवाई ने एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। राजौरी जिले के गंभीर सेक्टर में रविवार को जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के आतंकियों ने घने जंगल और मुश्किल भौगोलिक परिस्थितियों का फायदा उठाकर भारत में घुसने की कोशिश की। लेकिन सेना और बीएसएफ के जवान पहले से ही अलर्ट थे।
सेना ने ना केवल इस घुसपैठ को रोका, बल्कि एक पाकिस्तानी गाइड को जिंदा पकड़कर आतंकियों की साजिश का पर्दाफाश भी कर दिया। यह गाइड पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) से भेजा गया था। पकडे़ गए गाइड ने पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।

चार-से-पांच आतंकी थे साथ
रक्षा अधिकारियों के अनुसार, रविवार को खुफिया सूचना के आधार पर सेना और बीएसएफ ने मिलकर एक ऑपरेशन चलाया। गंभीर क्षेत्र में पहाड़ी और घने जंगल वाले इलाके में कुछ संदिग्ध हरकतें दिखीं। चार से पांच भरपूर हथियारों से लैश आतंकी घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें रोकने के लिए कार्रवाई की गई। इस दौरान एक गाइड जिंदा पकड़ा गया।
ये भी पढ़ें: Pakistan Blast: पाकिस्तान में आत्मघाती हमला, खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में 13 सैनिकों की मौत, 35 से अधिक घायल
पाकिस्तानी गाइड की पहचान हुई
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान मोहम्मद आरिब अहमद के रूप में हुई है, जो PoK के कोटली जिले के निक्याल क्षेत्र के डेटोट गांव का निवासी है। पूछताछ में उसने बताया कि वह पाकिस्तान की फॉरवर्ड पोस्ट पर तैनात आर्मी अधिकारियों के निर्देश पर काम कर रहा था।
बाकी आतंकी भागने को मजबूर
ऑपरेशन के दौरान बाकी आतंकी घने जंगल और खराब मौसम का फायदा उठाकर पीछे लौट गए। माना जा रहा है कि इनमें से कुछ को गोली भी लगी है। सर्च ऑपरेशन में सेना ने एक मोबाइल फोन, पाकिस्तानी करेंसी और कुछ संवेदनशील सामान बरामद किया है। यह इस बात का सबूत है कि घुसपैठ की साजिश किसी बड़ी योजना का हिस्सा थी।
युद्ध जैसे सामान के साथ आए थे आतंकी
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार गाइड ने खुलासा किया कि जैश के आतंकी भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और अन्य संदिग्ध सामान लेकर आए थे। फिलहाल गिरफ्तार गाइड से संयुक्त पूछताछ टीम जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का मानना है कि इससे भविष्य में होने वाली घुसपैठ की कोशिशों को रोकने में मदद मिलेगी।
ये भी पढ़ें: Pahalgam Attack: कौन है आतंकी सुलेमान, जिसने पर्यटकों पर चलाई धर्म पूछकर गोली? सामने आया PAK का काला सच!












Click it and Unblock the Notifications