REET 2022 : एसआई व शिक्षक भर्ती परीक्षा पास करने वाला 3 लाख रुपए लेकर बन गया रीट का फर्जी अभ्यर्थी
जयपुर, 23 जुलाई। राजस्थान शिक्षक पात्रता परीक्षा 2022 (REET) से प्रदेश में कई केंद्रों पर हुई। बीकानेर, जोधपुर समेत कई जगहों पर फर्जी अभ्यर्थी पकड़े जाने और नकल करवाने की कोशिश करते कइयों को पकड़ा गया है। जोधपुर में तो एक फर्जी अभ्यर्थी पुलिस पकड़ में आया है, जो खुद राजस्थान पुलिस उपनिरीक्षक और शिक्षक भर्ती परीक्षा पास कर चुका है। वह तीन लाख रुपए लेकर दूसरे अभ्यर्थी की जगह रीट की परीक्षा देने आया है। खुद की लगी लगाई सरकारी नौकरी ज्वाइन करने से पहले ही पकड़ा।

जोधपुर की शास्त्रीनगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि राजकीय आइटीआई कॉलेज में किसी दूसरे की जगह एक अभ्यर्थी परीक्षा दे रहा है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच की तो पता चला कि बाड़मेर जिले में सेड़वा थानान्तर्गत सोनड़ी गांव निवासी मूल अभ्यर्थी प्रेमप्रकाश बिश्नोई की जगह फर्जी अभ्यर्थी जूंजाराम बिश्नोई परीक्षा दे रहा था।
जूजाराम बिश्नोई बाड़मेर जिले में धोरीमन्ना थानान्तर्गत कोजा गांव के मंगलाराम बिश्नोई का बेटा है। पुलिस ने मामला दर्ज उसका गिरफ्तार कर लिया। प्रेम प्रकाश की तलाश की जा रही है। जूंजाराम धोरीमन्ना में नेड़ी ढाणी के पास राजकीय प्राथमिक विद्यालय भागीरथ की ढाणी में पदस्थापित है। उसने प्रेम प्रकाश से तीन लाख रुपए लिए थे।
इसी तरह से बनाड पुलिस थाना इलाके में विद्या पब्लिक सीनियर सैकण्डरी स्कूल से पाली जिले में जैतारण के पास गरनिया निवासी दिनेश गुर्जर को गिरफ्तार किया गया। वह जालोर जिले में पिछीवाड़ा निवासी विकास कुमार बिश्नोई की जगह परीक्षा देने आया था। मूल अभ्यर्थी विकास पकड़ा नहीं जा सका है। फर्जी अभ्यर्थी बनकर परीक्षा देने के बदले दिनेश को दो लाख रुपए मिलने थे। नब्बे हजार रुपए ऑनलाइन जमा करा दिए गए थे। शेष राशि परीक्षा के बाद मिलनी थी।
जोधपुर में तीसरा मामला उदयमंदिर पुलिस थाना इलाके मे सोजती गेट स्थित उम्मेद कन्या सीनियर सैकण्डरी स्कूल में फर्जी अभ्यर्थी जिले के भोजासर में हनुमान नगर निवासी महेश कुमार पुत्र किशनाराम बिश्नोई को गिरफ्तार किया गया। वह ओसियां तहसील के हाणिया में मगरा नगर निवासी रविताश पुत्र रामनारायण बिश्नोई की जगह परीक्षा देने पहुंचा था जो महेश का बुआ का पुत्र है। महेश ने आरएएस मुख्य परीक्षा व ग्राम विकास अधिकारी बीडीओ भर्ती परीक्षा दे रखी है। पुलिस उप निरीक्षक (एसआइ) की लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा पास कर चुका है। साक्षात्कार के लिए कॉल आ रखा है।
इधर, बीकानेर पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। एसपी योगेश यादव के निर्देशों पर एएसपी अमित कुमार के सुपरविजन में डीएसटी व पुलिस रीट परीक्षा में नकल रोकने के लिए लगी हुई थी। देर रात डीएसटी के हेड कांस्टेबल दीपक यादव के इनपुट पर काम करते हुए डीएसटी व जेएनवीसी पुलिस ने खतूरिया कॉलोनी के पीछे 80 फीट रोड से दो युवकों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान मिठड़िया बज्जू निवासी दिनेश पुत्र हरिराम कुमावत व बीछवाल निवासी प्रदीप पुत्र रामसहाय चौधरी के रूप में हुई।
आरोपियों के पास से नकल के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद हुए हैं। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं, दोनों से पूछताछ चल रही है। दोनों का लिंक तुलछाराम कालेर अथवा पौरव कालेर से होने की आशंका जताई जा रही है। बता दें कि पूर्व में रीट व पटवारी परीक्षाओं में इन्हीं दो गैंग ने अलग अलग व संयुक्त रूप से बड़े पैमाने पर नकल करवाई। ये दोनों पुलिस के चंगुल में भी फंसते हैं, मगर हर बार जमानत पर बाहर आकर फिर से नकल करवाने का कार्य शुरू कर देते हैं।












Click it and Unblock the Notifications