जिस 6 साल की बच्ची को गोताखोर 4 घंटे तक पानी में तलाशती रहे वो बाजरे के खेत में मिली, छुपने की थी ये वजह
जयपुर, 2 अगस्त। राजस्थान के जयपुर जिले के चाकसू पुलिस थाना इलाके के गांव टूंटोली में अजीब मामला सामने आया है। यहां पर परिजन, ग्रामीण, जिला प्रशासन, गोताखोर और सिविल डिफेंस की टीम जिस छह साल की बच्ची को पानी में तलाश रही थी वो बाजरे के खेत में बैठे मिली है।

हुआ यूं कि टूटोली गांव की छह वर्षीय यह बच्ची मंगलवार सुबह बाल्टी व लौटा लेकर घर के पास स्थित हैंडपंप पर नहाने के लिए गई थी। काफी देर तक वापस घर नहीं आई तो परिजन इसकी तलाश में निकले। हैंडपंप पर बाल्टी व लौटा तो रखा हुआ था, मगर वहां बच्ची नहीं थी। परिजनों ने पहले तो अपने स्तर पर उसकी तलाश की। काफी ढूंढने के बाद वह भी नहीं मिली तो परिजनों ने पुलिस को उसकी गुमशुदगी की सूचना दे दी।
सूचना पाकर चाकसू पुलिस मौके पर पहुंची। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एकत्रित हो गए। हर कोई बालिका की तलाश करने लगा। लाख कोशिशों के बाद भी वह नहीं मिली तो सबने सोचा कि हैंडपंप के पास स्थित नाड़ी के पानी में वह डूब गई होगी। ऐसे में गोताखोरों और सिविल डिफेंस की टीम को वहां बुलाया।
गोताखोरों ने पूरी नाड़ी को खंगाल डाला। फिर पानी में तलाश बंद कर आस-पास के बाजरे के खेतों में उसकी तलाश की गई। बाजरे के एक खेत में वह बैठे हुए मिल गई। परिजनों को उसने बताया कि वह स्कूल नहीं जाना चाहती थी। इसलिए खेत में छुपकर बैठी। कक्षा में पढ़ने वाली इस बालिका के स्कूल जाने के डर से चार घंटे तक लापता रहने के बाद सकुशल मिलने पर हर किसी ने राहत की सांस ली।












Click it and Unblock the Notifications