Rudra Prakash Sharma 14 सरकारी नौकरी छोड़ बने DSP, जानिए पहली ही पोस्टिंग में क्यों हो गए सस्पेंड?
Rajasthan Police के सबसे काबिल पुलिस अफसरों में से एक आरपीएस रुद्र प्रकाश शर्मा (Rudra Prakash Sharma RPS) निलंबित हो गए हैं। टोंक जिले के निवाई में बतौर DSP अपनी पहली पोस्टिंग में सस्पेंड होने के बाद सोशल मीडिया अकाउंट पर इन्होंने दर्द बयां किया और अंत में लिखा कि 'आज दशहरा था, रावण को नहीं जिताना था' इसके बाद से निवाई डीएसपी रुद्र प्रकाश शर्मा की पुन: बहाली की मांग को लेकर सोशल मीडिया पर मुहिम चल रही है।

DSP रुद्र प्रकाश शर्मा व कांग्रेस नेता रामविलास चौधरी विवाद
टोंक जिले के कांग्रेस नेता व पूर्व जिला प्रमुख रामविलास चौधरी के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार और उनको धक्का मारने के आरोप में टोंक जिले के निवाई वृताधिकारी रूद्र प्रकाश शर्मा और थानाधिकारी निवाई सदर आशुसिंह गुर्जर को निलंबित किया गया है। सीएमओ के निर्देश पर यह कार्रवाई हुई है। मामले की जांच अजमेर रेंज आईजी रुपिंदर सिंह कर रहे हैं। अब यह पूरा मामला राजनीतिक रंग भी ले रहा है।

सस्पेंड होने के बाद निवाई सीओ की यह पोस्ट वायरल
सस्पेंड होने के बाद निवाई सीओ रुद्र प्रकाश शर्मा ने बुधवार देर रात फेसबुक पर पोस्ट कर कॉलेज लाइफ में ही राजस्थान पुलिस कांस्टेबल बनने से लेकर डीएसपी तक का पूरा सफर शेयर किया। साथ ही सिपाही रहे पिताजी के बारे में भी लिखा कि उनको बेटे पर काफी गर्व होता है। पिता का सपना बेटे को बड़ा अफसर बनते देखना था, जो इन्होंने पूरा कर दिखाया। अपनी पोस्ट में आरपीएस रुद्र प्रकाश शर्मा ने सवाल उठाया कि क्या राजस्थान पुलिस गालियां देने के लिए है? क्या कल आपका भाई भर्ती होगा तो वो जिल्लत खाने के लिए? मैंने जो किया उनके ध्यान में रखकर किया, जिनका कोई नहीं था और करता रहूंगा। मिलते रहेंगे सितम खुद्दारी की राह में। मैंने भी जीवन जीने का सलीखा सीख लिया। बिना किसी चाह में बस एक गम रह गया। आज दशहरा था, रावण को नहीं जिताना था।

रुद्र प्रकाश शर्मा, 2016 आरएएस, 39वीं रैंक
बता दें कि निवाई डीएसपी रुद्र प्रकाश शर्मा ने अपनी जिंदगी में कई उतार चढ़ाव देखे हैं। असफलताओं से कभी हिम्मत नहीं हारी। ये कभी राजस्थान पुलिस में कांस्टेबल की परीक्षा तक पास नहीं सके थे और फिर साल 2016 में आरएएस परीक्षा पास कर 39वीं रैंक पाई और आरपीएस अफसर बन गए। बतौर डीएसपी इन्हें निवाई में पहली पोस्टिंग मिली थी। इनके पिता रामनिवास शर्मा राजस्थान पुलिस में एसआई रह चुके हैं।

निवाई डीएसपी रुद्र प्रकाश शर्मा का इंटरव्यू
वन इंडिया हिंदी के साथ एक साक्षात्कार में डीएसपी रुद्र प्रकाश शर्मा ने बताया था कि उन्होंने 50 से 60 प्रतियोगी परीक्षाएं दी। इनमें से 15 में चयन हुआ। आईडीबी, बैंक ऑफ बड़ौदा, कैनरा बैंक में पीओ समेत अन्य दो तीन पदों पर ज्वाइन तक नहीं किया। इस हिसाब से हाथ में आई 14 सरकारी नौकरी छोड़कर रुद्र प्रकाश शर्मा राजस्थान पुलिस में आईपीएस बने हैं।

रुद्र प्रकाश शर्मा ने इन पदों पर किया था ज्वाइन
15 में से कई पदों पर रुद्र प्रकाश शर्मा ने ज्वाइन भी किया। इनमें साल 2007 में दिल्ली पुलिस कांस्टेबल, 2009 में लिपिक एसबीआई जयपुर, 2010 में आरिएंटल बैंक फरिदाबाद , 2011 में पीओ एसबीबीजे राजस्थान, 2012 में पीओ एसबीआई दिल्ली , 2012 में इनकम टैक्स इंस्पेक्टर जयपुर, 2013 में आरएएस सेवाएं, 2016 से आईपीएस के रूप में सेवांए दे रहे हैं।

आरपीएस रुद्र प्रकाश शर्मा कौन हैं ?
बता दें कि 35 वर्षीय रुद्र प्रकाश शर्मा मूलरूप से अलवर जिले के तिजारा के रहने वाले हैं। पिता रामनिवास शर्मा एसआई पद से रिटायर हो चुके हैं। मां लक्ष्मी देवी हाउसमेकर हैं। भाई बीएसएनएल में एसडीओ के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। रुद्र प्रकाश शर्मा ने यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा में तीन बार भाग्य आजमाया था, मगर एक बार भी सफल नहीं हुए।












Click it and Unblock the Notifications