राजस्थान में तेजी से बढ़ रहे कोरोना के केस, सरकार बढ़ाएगी सख्ती, जल्द जारी होगी नई गाइडलाइन
Jaipur, Apr 12 : राजस्थान में कोरोना के मामले बढ़ने के साथ ही सरकार सख्ती की तैयारी कर रही है। जिन जिलों में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं, वहां सरकार और पाबंदियां बढ़ाने की तैयारी कर रही है। गृह विभाग आज या कल नई गाइडलाइन जारी कर सकता है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पहले ही और सख्ती करने की घोषणा कर चुके हैं। प्रदेश मेंं अब सार्वजनिक समारोहों और शादियों में आने वालों लोगों की संख्या को 100 से घटाकर 50 करने और ज्यादा प्रकोप वाले जिलों में नाइट कर्फ्यू का समय बढ़ाने की तैयारी है। चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम ने मुख्यमंत्री को पाबंदियां बढ़ाने के का सुझाव दिया है जिसके बाद नई गाइडलाइन बनाने पर काम शुरू हो गया है।

Recommended Video
बताया जा रहा है कि नई गाइडलाइन में धार्मिक मेलों, उत्सवों, जुलूस पर भी पाबंदी लगाई जा सकती है। सरकारी दफ्तरों के साथ निजी दफ्तरों में भी 75 फीसदी कर्मचारियों को ही बुलाने की पाबंदी लगाने, रेस्टोरेंट्स में केवल टेक अवे की सुविधा को ही मंजूरी देने, कोचिंग कक्षाओं में विद्यार्थियों की संख्या कम करने या बंद करने पर विचार किया जा रहा है।
बसों और सार्वजनिक परिवहन के वाहनों में सवारियों की संख्या में भी कटौती की जा सकती है। मुख्यमंत्री के स्तर पर नई पाबंदियों पर जल्द फैसला होने की संभावना है। मुख्यमंत्री से मंजूरी के बाद नई गाइडलाइन जारी होगी।
विशेषज्ञों ने मुख्यमंत्री को दिए ये सुझाव...
-शादी और दूसरे आयोजनों में 50 से ज्यादा लोगों को अनुमति नहीं।
-कोरोना हॉटस्पॉट वाले इलाकों में शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू।
-धार्मिक मेलों, उत्सवों, जुलूस पर पूरी तरह से रोक।
-सरकारी की तर्ज पर निजी दफ्तरों में कर्मचारियों की मौजूदगी 75 फीसदी की जाए।
-रेस्टोरेंट में अंदर बैठाकर खाना खिलाने पर पाबंदी। केवल 'टेक-अवे' की सुविधा।
-कोचिंग संस्थानों की कक्षाओं में संख्या सीमित करने या रोक लगाने पर विचार।
-स्कूलों-शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों को केवल परीक्षा के लिए ही प्रवेश पर विचार।
-बसों और अन्य सार्वजनिक वाहनों में यात्रियों की संख्या घटाने पर विचार।
चार संभाग मुख्यालयों पर कोरोना मामले 500 पार, 12 जिलों में आंकड़ा 100 से ज्यादा
उदयपुर, जोधपुर, जयपुर, कोटा, भीलवाड़ा जिलों में तेजी से कोरोना फैल रहा है। रविवार को उदयपुर में 864,जोधपुर में 666, जयपुर में 648, कोटा में 632 और भीलवाड़ में 302 कोरोना के मामले सामने आए थे। उदयुपर, जोधपुर ने जयपुर को पीछे छोड़ दिया है। चिकित्सा विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक रविवार को राज्य के 33 में से 12 ऐसे जिले हैं, जहां कोरोना का आंकड़ा 100 के पार गया है। अलवर में 180, राजसमंद 178, अजमेर 167, डूंगरपुर 161, सवाईमाधोपुर 146, सिरोही 134 और बीकानेर में 113 पॉजिटिव केस आ चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications