Rajasthan News : कर्नाटक चुनाव के स्टार प्रचारकों की सूची से सचिन पायलट बाहर, जानिए पूरा मामला
राजस्थान में गहलोत पायलट के विवाद के बीच कांग्रेस ने बुधवार को कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। इस सूची में प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट का नाम नहीं है।

Rajasthan News : कांग्रेस ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। इस सूची से राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट का नाम नदारद है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पार्टी ने स्टार प्रचारक बनाया है। इसके साथ ही कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और पंजाब प्रभारी हरीश चौधरी को स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया गया है। सीएम गहलोत के साथ चल रही पायलट की खींचतान के बीच कांग्रेस हाईकमान ने यह बड़ा संदेश दिया है। आपको बता दें सचिन पायलट अपनी ही सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामलों पर निष्क्रियता के आरोप लगाकर मुखर हैं। पिछले दिनों सचिन पायलट में जयपुर के शहीद स्मारक पर एक दिन का अनशन किया था।
कांग्रेस के कार्यक्रमों से बनाई दूरी
पूर्व मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कांग्रेस के वन टू वन कार्यक्रमों से दूरी बना रखी है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा सहित कांग्रेस के अनेक नेता शामिल हो रहे हैं। लेकिन सचिन पायलट ने इस कार्यक्रम से दूरी बना रखी है। जबकि सचिन पायलट प्रदेश के अन्य विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं। कांग्रेस की एक दिवसीय कार्यशाला में भी पायलट नहीं पहुंचे। जबकि मंच पर पायलट की नेम प्लेट के साथ उनकी कुर्सी रिजर्व थी। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया भी जताई है।
जालंधर लोकसभा उपचुनाव में पायलट स्टार प्रचारक
इसी के साथ ही कांग्रेस ने जालंधर में होने वाले लोकसभा उपचुनाव के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची भी जारी की है। इस सूची में सचिन पायलट को जालंधर लोकसभा उपचुनाव के लिए स्टार प्रचारक बनाया गया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा पंजाब प्रभारी हरीश चौधरी और प्रदेश के खेलमंत्री अशोक चांदना को जालंधर लोकसभा उपचुनाव में स्टार प्रचारक बनाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications