Rajasthan News: प्रदेश में भाजपा संगठन के समानांतर संगठन सक्रिय, जानिए कौन होगा प्रदेश का नया संगठन महामंत्री
राजस्थान में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में कई गुट सक्रिय हैं। पार्टी के संगठन महामंत्री को बदले जाने की चर्चा ने जोर पकड़ लिया है। चर्चा है कि पार्टी बिहार के संगठन महामंत्री को राजस्थान भेज सकती है।

Rajasthan News: राजस्थान में प्रदेश भाजपा संगठन के समानांतर कई संगठन बने हुए हैं। प्रदेश में इसी साल में अंत में विधानसभा चुनाव होंगे। राजस्थान में मुख्यमंत्री पद को लेकर पार्टी के भीतर भारी अंतर्कलह है। ऐसे में पार्टी में शीर्षस्थ नेताओं के संगठन भाजपा संगठन के समानंतर काम कर रहे हैं। इसी बीच भाजपा के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर को बदले जाने की चर्चा भी तेज हो गई है। पार्टी सूत्रों की मानें तो उपनेता प्रतिपक्ष और पूर्व अध्यक्ष सतीश पूनिया द्वारा अध्यक्ष रहने के दौरान चंद्रशेखर को लेकर की गई शिकायतों के बाद अब मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी और नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ भी चंद्रशेखर की कार्यशैली को लेकर असंतुष्ट बताए जा रहे हैं। ऐसे में पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर को बदले जाने की चर्चा भी तेज हो गई है। चर्चा है कि पार्टी हाईकमान गुजरात से बिहार भेजे गए संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया को राजस्थान का नया संगठन महामंत्री बना सकता है। आपको बता दें पार्टी ने हाल ही में राजस्थान में चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। ऐसे में प्रदेश में पार्टी अध्यक्ष और संगठन महामंत्री दोनों नए किरदार होंगे।
गुजरात से बिहार भेजे गए भीखूभाई दलसानिया
गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया की कार्यशैली को लेकर प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने पार्टी हाईकमान के सामने विरोध दर्ज कराया था। इसके बाद पार्टी ने भीखूभाई दलसानिया को बिहार का संगठन मंत्री बना दिया था। गुजरात में पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के साथ सीआर पाटिल की अच्छी पकड़ थी। ऐसे में पार्टी को गुजरात चुनाव में कोई दिक्क्त नहीं आई। लेकिन राजस्थान के हालात एकदम विपरीत है। पार्टी ने हाल में सीपी जोशी को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी प्रदेश में कोई खास पकड़ नहीं मानी जाती है। ऐसे में पार्टी को प्रदेश में संगठन महामंत्री बदलना भारी पड़ सकता है। वहीं प्रदेश में मुख्यमंत्री पद को लेकर कई गुट भी सक्रिय हैं। इसका असर भी विधानसभा चुनाव में देखने को मिलेगा।
भाजपा संगठन के समानांतर कई संगठन सक्रिय
राजस्थान में विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के संगठन के साथ कई नेताओं के स्थानीय संगठन सक्रिय हैं। राजस्थान में मुख्यमंत्री पद को लेकर भारी गुटबाजी है। ऐसे में सभी नेताओं ने यहां अपना वर्चस्व बना रखा है। राजनीति के जानकार बताते हैं कि पार्टी संगठन के भीतर ज्यादातर कार्यकर्ता सतीश पूनिया के गुट से आते हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का गुट भी पूरी तरह सक्रिय है। प्रदेश के पूर्व संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र गुप्ता लघु उधोग भारती के जरिए अपना विस्तार कर रहे हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ओम बिड़ला के गुट से आते हैं। ऐसे में पार्टी के सामने सभी नेताओं को एक मंच पर लाना बड़ी चुनौती है। प्रदेश में विधानसभा चुनाव सामने है। संगठन मंत्री की पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं के बीच गहरी पकड़ मानी जाती है। भाजपा द्वारा चुनाव से पहले प्रदेश में पार्टी अध्यक्ष बदले जाने के बाद संगठन महामंत्री बदला जाना आत्मघाती कदम साबित हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications