Rajasthan Mandapam: जयपुर के जयसिंहपुरा खोर में बनेगा राजस्थान मण्डपम, नई दिल्ली के भारत मण्डपम से कितना अलग?
Rajasthan Mandapam Jaipur: राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार भी केंद्र की मोदी सरकार की तर्ज पर कदम बढ़ा रही है। इसकी एक बानगी नई दिल्ली में बनाए गए भारत मण्डपम की तरह अब जयपुर में बनने वाला 'राजस्थान मण्डपम' है। राजस्थान मण्डपम के लिए जयपुर के जयसिंहपुरा खोर में 35 हेक्टेयर जमीन पर करीब 100 करोड़ की लागत से राजस्थान मंडपम बनेगा। महाकुंभ प्रयागराज में भी राजस्थान के श्रद्धालुओं के लिए राजस्थान मंडप बनाया गया था।
Rajasthan Mandapam Project: राजस्थान मंडपम प्रोजेक्ट की समीक्षा
राजस्थान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हाल ही अपने निवास पर अधिकारियों के साथ बैठक कर राजस्थान मण्डपम परियोजना पर विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने कहा कि राजस्थान मण्डपम में प्रदेश के हैरिटेज के साथ हाईटेक सुविधाएं विकसित की जाएं। राजस्थान मंडपम का उद्देश्य राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, ऐतिहासिक विरासत और कलात्मक परंपराओं को एक नए रूप में प्रदर्शित करना है।

राजस्थान मंडपम में क्या-क्या होगा?
राजस्थान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस मंडपम को एक ऐसा स्थल बनाया जाए जहां राजस्थान की स्थापत्य कला, हस्तशिल्प, लोक संगीत, नृत्य और पारंपरिक व्यंजन बड़े पैमाने पर प्रदर्शित हो सकें। इसके अलावा, मंडपम का उद्देश्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शनियों, व्यापार मेलों, सम्मेलनों और आयोजनों का केंद्र बनना भी है। इस प्रक्रिया से राज्य के हस्तशिल्प, कुटीर उद्योग और लोक कलाकारों को एक नया मंच मिलेगा।
लोक कलाकारों को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय पहचान
राजस्थान मण्डपम प्रोजेक्ट समीक्षा बैठक में यह भी तय किया गया कि राजस्थान मंडपम न केवल एक सांस्कृतिक स्थल होगा, बल्कि इसे व्यापारिक और पर्यटन केंद्र के रूप में भी विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल ने इसे राजस्थान की संस्कृति, पर्यटन और व्यापार को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। इस परियोजना से राज्य के लोक कलाकारों और कुटीर उद्योग को एक वैश्विक पहचान मिल सकेगी।
परियोजना के क्रियान्वयन की रूपरेखा तैयार
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान मंडपम के लिए उपयुक्त स्थान और डिज़ाइन तैयार करने का कार्य शीघ्र ही शुरू किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को राजस्थान पर्यटन विकास निगम (RTDC) और अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से लागू किया जाएगा। राजस्थान मंडपम के निर्माण से राज्य की सांस्कृतिक धरोहर को एक स्थायी पहचान मिलेगी, और यह दुनिया भर में राजस्थान की विशिष्टता को और भी मजबूत करेगा।
क्या है भारत मंडपम?
भारत मंडपम, जो दिल्ली के प्रगति मैदान में स्थित है, अब वैश्विक मंच पर भारत की पहचान को और मजबूत करने वाला एक प्रमुख स्थल बन चुका है। पीएम मोदी ने 26 जुलाई 2023 को इसका उद्घाटन किया। इसके बाद, 9-10 सितंबर को यहां जी-20 शिखर सम्मेलन का आयोजन हुआ, जिसमें विश्व के शक्तिशाली देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने भाग लिया।
भारत मंडपम का महत्व और सुविधाएं
भारत मंडपम का निर्माण लगभग 2,700 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है और यह 123 एकड़ में फैला हुआ है। यह विशेष रूप से भव्य अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनों, व्यापार मेलों, सम्मेलनों, और विभिन्न प्रतिष्ठित समारोहों की मेज़बानी के लिए डिज़ाइन किया गया है। इस परिसर में कई बैठक कक्ष, लाउंज, सभागार, एक एम्फीथिएटर और एक पूरी तरह से सुसज्जित व्यापार केंद्र जैसी सुविधाएं मौजूद हैं।
भारत मंडपम में 7,000 लोगों की मेज़बानी की क्षमता है, जो बैठने की क्षमता के मामले में ऑस्ट्रेलिया के प्रसिद्ध सिडनी ओपेरा हाउस को भी पीछे छोड़ देती है। इसका डिज़ाइन विशेष रूप से वैश्विक स्तर के कार्यक्रमों की मेज़बानी को ध्यान में रखते हुए किया गया है। भारत मंडपम का नाम भगवान बसवेश्वर के अनुभव मंडपम की अवधारणा से प्रेरित है, जो भारतीय संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक है।












Click it and Unblock the Notifications