Rajasthan के सीएम अशोक गहलोत और सचिन पायलट गुजरात में स्टार प्रचारक, भाजपा ने प्रदेश के नेताओं को रखा दूर
Congress ने गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मंगलवार को अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। इसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी के साथ राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को भी शामिल किया गया है। कांग्रेस के इन स्टार प्रचारकों की सूची में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, कमलनाथ, गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जगदीश ठाकोर और प्रदेश प्रभारी रघु शर्मा का नाम भी शामिल है।

राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा में व्यस्त
राहुल गांधी इन दिनों भारत जोड़ो यात्रा पर हैं। इस यात्रा के चलते उन्होंने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रचार नहीं किया था। वहां प्रियंका गांधी ने कांग्रेस के प्रचार अभियान की कमान संभाली थी। गुजरात की कुल 182 विधानसभा सीट में से पहले चरण में 89 सीट पर 1 दिसंबर को मतदान होगा तथा शेष 93 सीट पर 5 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। मतगणना 8 दिसंबर को होगी।

भाजपा की स्टार प्रचारकों की सूची में राजस्थान के नेता नहीं
गुजरात विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए भाजपा ने भी अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। सूची में राजस्थान के एक भी नेता को शामिल नहीं किया गया है। पिछले विधानसभा चुनाव में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को भाजपा ने स्टार प्रचारक बनाया था। लेकिन इस बार वसुंधरा राजे को शामिल नहीं किया गया है। राजस्थान में पार्टी के इस फैसले के बाद वसुंधरा राजे के मुख्यमंत्री के दावेदारी पर भी सवाल उठने लगे हैं।

ओम माथुर रह चुके 15 साल तक गुजरात के प्रभारी
भाजपा ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची में राजस्थान के किसी भी नेता को शामिल नहीं किया है। जबकि राजस्थान के ही नेता ओम माथुर तकरीबन 15 साल तक गुजरात के प्रभारी के तौर पर काम कर चुके हैं। माथुर मोदी और अमित शाह के करीबी नेता माने जाते हैं। माना जाता है कि गुजरात में उनकी गहरी पकड़ है। बावजूद इसके पार्टी ने उन्हें स्टार प्रचारकों में शामिल नहीं किया है। गुजरात में प्रवासी राजस्थानियों की बड़ी संख्या है। कांग्रेस ने अशोक गहलोत को कमान संभला कर गुजरात में रहने वाले राजस्थान के मतदाताओं को साधने का पूरा प्रयास किया है। लेकिन भाजपा ने राजस्थान के नेताओं को स्टार प्रचारक नहीं बना कर गुजरात चुनाव से दूर रखा है।












Click it and Unblock the Notifications