Rajasthan : सचिन पायलट को लेकर अशोक गहलोत का बड़ा बयान -'पार्टी में रहकर फितूरबाजी ठीक नहीं'
Ashok Gehlot on Sachin Pilot : राजस्थान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट को लेकर बड़ा बयान दिया है। अशोक गहलोत ने कहा कि युवाओं को धैर्य रखना चाहिए। पार्टी में रहकर फितूरबाजी ठीक नहीं। अच्छे काम करने वालों के पार्टी में अच्छे दिन जरूर आते हैं।

सीएम अशोक गहलोत ने जयपुर पीसीसी कार्यालय में कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए मतदान के बाद मीडिया से बातचीत में यह बात कही। गहलोत ने सचिन पायलट का नाम लिए बिना इशारों इशारों में निशाना साधा। गहलोत ने आगे कहा कि पार्टी के लिए अभी संकट का समय है। युवाओं को पार्टी के हित में काम करते रहना चाहिए। जब हम लोग चुनाव हार गए थे तब भी कांग्रेस के लिए काम करते रहे।
राजस्थान सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि युवाओं को मेरा यही संदेश है कि युवाओं को जमकर काम करना चहिए। जब जमकर काम करेंगे तो उनकी खुशबू अपने आप फैलेगी। ऐसे लोगों की पार्टी में क्रेडिबिलिटी बढ़ती है, पार्टी में मान-सम्मान मिलता है। जब लीडरशिप का मौका आता है तो पार्टी उन्हें चांस देती है। युवाओं को धैर्य रखना चाहिए। धैर्य रखने वालों को पार्टी बड़े मौके देती है। युवा पीढ़ी का हम भी सम्मान करते हैं।
बता दें कि राजस्थान में अशोक गहलोत व सीएम गहलोत के बीच सियासी खींचतान लंबे समय से चल रही है। राजस्थान विधानसभा चुनाव 2018 में कांग्रेस जीती तो अशोक गहलोत व सचिन पायलट के बीच सीएम की कुर्सी को लेकर मनमुटाव हुआ। फिर आलाकमान की समझाइश पर गहलोत सीएम व पायलट डिप्टी सीएम बने। फिर साल 2020 में सचिन पायलट ने अपने गुट के विधायकों के साथ बगावत कर दी। अशोक गहलोत की सरकार अल्पमत में आते आते बची। अब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव में अशोक गहलोत के उम्मीदवार बनने की बारी आई तो सीएम की कुर्सी सचिन पायलट को मिलती दिखी। इस पर अशोक गहलोत गुट के विधायकों में बवाल मचा दिया। फिर अशोक गहलोत राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव से पीछे हट गए और राजस्थान में यथास्थिति बनी हुई है।
सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि चुनाव आयोग को पूरे देश को विश्वास में लेकर बताना चाहिए कि उसने किस वजह से सिर्फ हिमाचल विधानसभा चुनाव घोषित किया। इससे चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर धक्का लग रहा है। किस प्रकार देश को धोखा देकर चुनाव जीतकर आए धर्म के नाम पर, आज भी धर्म के नाम पर राजनीति कर रहे हैं जो बहुत खतरनाक है, अभी अच्छी लग सकती है कुछ लोगों को, आने वाली पीढ़ियों के लिए उचित नहीं है, मैं कह सकता हूं।












Click it and Unblock the Notifications