जयपुर में मकान मालिक के बेटे ने की ट्रांसजेंडर की हत्या, बेसबॉल बैट से पीट-पीटकर मार डाला
जयपुर 29 अगस्त। राजस्थान की राजधानी में ट्रांसजेंडर की हत्या का मामला सामने आया है। उसकी बेसबॉल के बैट से पीट-पीटकर जान ली गई है। हत्या की वजह का पता नहीं चल पाया है, मगर पुलिस वारदात की ट्रांसजेंडर व उसके मकान मालिक के बेटे नरेश सिंधी (32) के बीच चल रहे विवाद से भी जोड़कर देख रही है।

मीडिया से बातचीत में एडिशनल डीसीपी नॉर्थ धर्मेंद्र सागर ने बताया कि नरेश सिंधी और ट्रांसजेंडर रम्मो के बीच कोई विवाद हुआ था। रात करीब साढ़े 11 बजे नरेश सिंधी बेसबॉल बैट लेकर कमरे में घुसा। दोनों के बीच झगड़ा हुआ। फिर नरेश सिंधी ने रम्मो के सिर पर बेसबॉल बैट से ताबड़तोड़ हमले कर दिए। लहूलुहान हालत में रम्मो को आसपास के लोग जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ट्रांसजेंडर की हत्या की जानकारी मिलने पर सोसाइटी में भारी आक्रोश है। पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि नरेश सिंधी ने करीब 6 महीने पहले रम्मो के घर से पैसे चुराए थे। इसकी शिकायत रम्मो ने नाहरगढ़ पुलिस थाने में की थी।
इस मामले में पुलिस ने नरेश सिंधी को थाने में बंद कर दिया गया था। बाहर आने के बाद इसका बदला लेने के लिए नरेश सिंधी बार-बार रम्मो को परेशान किया करता था। उसको बार-बार मकान खाली करने और यहां से चले जाने के लिए भी दबाव बनाया जा रहा था। अब रम्मो की हत्या के बाद आरोपी नरेश सिंधी को राउंड अप कर लिया गया है। वहीं, नरेश सिंधी के खिलाफ धारा 302 हत्या में मुकदमा दर्ज किया गया है।
उधर, महामंडलेश्वर किन्नर अखाड़ा राजस्थान की चेयर पर्सन पुष्पा माई ने बताया की यह घटना समाज की सोच को बताती है। सरकार से अपनी सुरक्षा की मांग की है। कई बार देखने को मिला है कि लोग ट्रांसजेंडरों को जान बूझकर परेशान करते हैं। जब इसकी शिकायत लेकर वह थाने जाते हैं तो उनकी सही तरीके से सुनवाई भी नहीं होती है।












Click it and Unblock the Notifications