Rajasthan paper Leak : राजस्थान के 3 मंत्रियों व 5 MLA की मिलीभगत से लीक हुआ शिक्षक भर्ती का पेपर-मीणा
पेपर लीक होने के कारण अशोक गहलोत सरकार को 10 परीक्षाएं तो निरस्त करनी पड़ी हैं। यह सब आरपीएससी की मिलीभगत से हुआ है।

राजस्थान द्वितीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा 2022 में जीके पेपर लीक प्ररकण में भाजपा के राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने अशोक गहलोत सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। मीणा का आरोप है कि राजस्थान पेपर आउट प्रकरण 2022 में राज्य सरकार के तीन मंत्री व पांच एमएलए मिले हुए हैं। यही नहीं बल्कि आरपीएससी और एसओजी की भी मिलीभगत है।
किरोड़ लाल मीणा ने प्रेस वार्ता में कहा कि राजस्थान पेपर लीक केस की सीबीआई से जांच करवाया जाना चाहिए। पेपर लीक करवाने वालों में शामिल तीन मंत्री व पांच विधायकों में से दो मंत्री तो सीएम अशोक गहलोत के बेहद करीबी हैं।
Recommended Video

राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने दावा किया तीन अभ्यर्थियों तक सीनियर टीचर भर्ती परीक्षा के जीके का प्रश्न पत्र पहुंचाया गया। इसके लिए राजस्थान में गिरोह ने दो दर्जन से अधिक बसों का इस्तेमाल किया। बसों को अलग अलग जिलों में पेपर देकर भेजा गया था। इसकी भी जांच की जानी चाहिए।
राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2018 जीतकर सत्ता में आई अशोक गहलोत के अब तक के कार्यकाल में 16 प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं, जिसमें लाखों विद्यार्थियों की उम्मीदों पर पानी फिरा है। आर्थिक व मानसिक परेशानी भी हुई सो अलग।
इसकी जानकारी 15 दिन पहले ही ज्ञापन के जरिये RPSC देकर जांच की मांग भी की थी, मगर चेयरमैन ने यह कहा था कि गोपनीय शाखा पेपर को हैंडल नहीं करती है। यह उनका गुमराह करने वाला बयान है। किरोड़ी ने कहा कि RPSC से पेपर लीक हुआ है और चेयरमैन को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए।
किरोड़ी लाल मीणा ने मामले में ईडी की एंट्री के भी संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि जैसे ही ठंड कम होगी, राजस्थान में ईडी की कार्रवाई देखने को मिलेगी। मनी लॉन्ड्रिंग के कई मामले हैं जिन मामलों में ईडी को शिकायत दी गई है। ईडी ने प्रारंभिक जांच अपने स्तर पर कर ली है अब जल्दी उसका एक्शन भी देखने को मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications