Gaon Chalo Abhiyan: वाल्मीकि के घर खाया खाना, 105 वर्षीय वृद्धा का आशीर्वाद लेकर गांवों में निकली सरकार
Bhajanlal Sharma Gaon Chalo Abhiyan: राजस्थान की भजन लाल शर्मा सरकार इन दिनों गांवों में है। भाजपा के देशव्यापी 'गांव चलो अभियान' के तहत सीएम भजन लाल शर्मा ने नागौर जिले के गांव गोगेलाव में रात्रि विश्राम किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वाल्मीकि परिवार के घर भोजन किया। 105 साल की बुजुर्ग महिला से आशीर्वाद लिया और गोगेलाव में जैन मंदिर और करणी माता मंदिर में दर्शन किए।

सीएम भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि 'अपनों के संग अविस्मरणीय क्षण। नागौर जिले के प्रवास के दौरान गोगेलाव गांव में श्री सुंदरलाल कंडारा जी के निवास पर रात्रिभोज का आनंद लिया। सुंदरलाल जी सहित उनके परिवार ने जिस आत्मीयता और प्रेम से भोजन कराया, उससे आत्मा तक तृप्त हो गई। मैं इस अप्रतिम स्नेह, अपनत्व व स्वादिष्ट भोजन के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।'
उधर, गांव गोगेलाव में ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए सीएम भजन लाल शर्मा ने कहा कि 'भारत गांवों का देश है। हमारा देश तभी आगे बढ़ेगा, जब देश के गांव आगे बढ़ेंगे। इसलिए गांवों का विकास जरूरी है। साथ ही गांवों से पलायन रोकने के लिए लघु उद्योग, कुटीर उद्योग को आगे बढ़ाना भी जरूरी है। अंतिम पायदान पर बैठे लोगों को सरकार की योजना का लाभ मिलना चाहिए।
गांव के दौरे निकले सीएम भजनलाल शर्मा ने गोगेलाव गांव के लिए सीवरेज योजना, राष्ट्रीयकृत बैंक का एटीएम लगाने सहित कई घोषणाएं भी की। उधर, पीएम आवास योजना की लाभार्थी भंवर कंवर के घर भी पहुंचे।
राजीविका के तहत स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिला लाभार्थियों को 2 करोड़ 15 लाख 50 हजार रूपए का चेक प्रदान किया। सीएम शर्मा ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, खाद्य सुरक्षा योजना तथा राजीविका के लाभार्थियों एवं स्थानीय व्यापारियों के साथ भी संवाद किया। मुख्यमंत्री ने रात्रि प्रवास गोगेलाव गांव में ही किया।
सुबह मुख्यमंत्री ने गोगेलाव गांव में किसानों के साथ मुलाकात कर उनके साथ चाय पर चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों के साथ चौपाल में बैठकर चाय पी और किसानों को मोदी सरकार की योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। सीएम बोले कि पीएम मोदी जो कहते हैं, वह करते हैं। किसान हित में कई उल्लेखनीय और ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जिनका किसानों को लाभ मिल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications