मोदी-मोदी कहने वालों उन्हें इकॉनोमी की चिंता नहीं हैं, देश के अंदर आग लगी हुई है: अशोक गहलोत
जयपुर. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि मोदी सरकार के फैसलों से देश के अंदर आग लगी हुई है। करीब चार महीने से कश्मीर बंद था, अब नॉर्थ ईस्ट बंद पड़ा है। कुछ तो ऐसे कारण होंगे। गहलोत ने आगे कहा, हमारा भारत, लोकतंत्र है। यहां सबकी बात सुननी पड़ती है, सहमत हों या असहमत। अगर देश चलाना है तो सभी वर्गों को साथ लेकर चलना पड़ता है। आलोचना सहनी पड़ती है। अहम और घमंड छोड़ना पड़ता है। मगर, अब कोई किसी की सुन नहीं रहा है। सब अहम और घमंड में चल रहे हैं।''

अब 'मोदी है तो मंदी है' हो गया
गहलोत जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित एमएसएमई कॉन्क्लेव-2019 में बोल रहे थे। यहां उन्होंने कई योजनाओं का शुभारंभ किया। साथ ही मोदी सरकार पर भी हमला बोला। कहा कि, इकॉनोमी की चिंता ही नहीं है। मैं मोदी- मोदी कहने वालों को कहना चाहूंगा कि 'मोदी है तो मुम्किन है' की जगह अब 'मोदी है तो मंदी है' हो गया है।

मोदी को क्यों अलग-अलग मुल्कों में सम्मान मिला
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि देश में गांधी जी के वक्त से जो नीतियां बनीं। नेहरू, सरदार पटेल, मौलाना आजाद और अंबेडकर ने संविधान बनाया। वोट का अधिकार दिया। यही कारण हैं, कि मोदी प्रधानमंत्री बने। मोदी जी को अलग-अलग मुल्कों में सम्मान क्यों मिलता है, क्योंकि कांग्रेस ने लोकतंत्र को 70 साल से जिंदा रखा देश के अंदर। आज हम एक हैं सीना ताने खड़े हैं।

रूस के टुकड़े होकर 16 मुल्क बन गए
रूस का जिक्र करते हुए गहलोत ने कहा, ''रूस बहुत बड़ा था। हमारा (भारत का) दोस्त था। लेकिन रूस के टुकड़े हो गए और 16 मुल्क बन गए। जबकि, भारत आज भी एक ही है। हम सीना ताने खड़े हैं। यहां अलग-अलग भाषाएं हैं, बोली है, धर्म है, जातियां है। यही लोकतंत्र है।'












Click it and Unblock the Notifications