राजस्थान : 24 मई को खत्म होने वाला लॉकडाउन एक सप्ताह के लिए बढ़ा सकती है गहलोत सरकार
जयपुर, 21 मई। राजस्थान में कोरोना वायरस की दूसरी लहर को काबू में करने के लिए अशोक गहलोत सरकार ने प्रदेश में 24 मई शाम पांच बजे तक लॉकडाउन घोषित कर रखा है।

दस मई को सुबह पांच बजे से शुरू हुए इस लॉकडाउन की अवधि दो दिन बाद पूर्ण होने वाली है। ऐसे में पूरे राजस्थान में इस बात को लेकर चर्चा है कि लॉकडाउन 24 मई को ही खत्म होगा या इसकी अवधि आगे बढ़ेगी।
लॉकडाउन को लेकर 22 मई को राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार के मंत्रिपरिषद की बैठक होगी, जिसमें प्रदेश में कोरोना संक्रमण फैलने की स्थिति पर मंथन किया जाएगा। सीएम अशोक गहलोत की अध्यक्षता में शनिवार दोपहर साढ़े बारह बजे होने वाली बैठक को यूं तो कोई आधिकारिक एजेंडा जारी नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि मंत्रिपरिषद की बैठक में कोरोना पर मंथन होगा।
मंत्रिपरिषद लॉक डाउन की अवधि बढ़ाने को मंजूरी दे सकती है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में कल शनिवार को मंत्रिपरिषद की 12:30 बजे बैठक होगी। कैबिनेट सचिवालय ने सभी मंत्रियों को बैठक की सूचना जारी कर दी है।
हालांकि कैबिनेट की बैठक का कोई आधिकारिक एजेंडा जारी नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि मंत्रिपरिषद् की बैठक में लॉकडाउन को मई के अंत तक बढ़ाया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications