Diesel-Petrol Shortage : जानिए राजस्थान में 700 से ज्यादा पेट्रोल पंप बंद होने की असली वजह
जयपुर, 15 जून। राजस्थान में पेट्रोल-डीजल की किल्लत हो गई है। आलम यह है कि पेट्रोल पंपों पर वाहन चालकों को 'आउट ऑफ स्टॉक' लिखा मिल रहा। मंगलवार को प्रदेश के कुल 2500 में से करीब 700 पंपों के बंद होने की सूचना की सूचनाएं पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन को मिली है।

ये है पेट्रोल किल्लत की वजह
वन इंडिया हिंदी से बातचीत में श्रीगंगानगर पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष आशुतोष गुप्ता ने राजस्थान में पेट्रोल-डीजल किल्लत के लिए क्रूड ऑयल की बढ़ती कीमत और तेल कंपनियों की मनमानी को जिम्मेदार माना है।
1. क्रूड ऑयल महंगा हो गया। पहले से 90 से 100 डॉलर प्रति बैरल था जो अब 126 डॉलर प्रति बैरल हो गया। रेट सरकार ने कम कर रखे हैं। ऐसे में तेल कंपनियों को नुकसान हो रहा है। इसलिए कंपनियों ने मौखिक रूप से तेल की राशनिंग के लिए बोला है।
2. हिंदुस्तान पेट्रोलियम व भारत पेट्रोलियम जैसी कंपनियों ने बिना किसी पूर्व सूचना के पांच दिन की उधार की सुविधा बंद कर दी। इससे कई पेट्रोल पंप संचालकों का वित्तीय गणित गड़बड़ा गया।

जयपुर में फैली पेट्रोल पंप बंद रहने की अफवाह
इधर, जयपुर शहर में मंगलवार रात को अफवाह फैल गई कि बुधवार रात को पेट्रोल पंप बंद रहेंगे। ऐसे में शहर के कई पंपों पर भीड़ उमड़ पड़ी और स्टॉक हो गया। बाद में आरपीडीए के सचिव शंशाक कौरानी ने स्पष्ट किया कि बुधवार को शहर में पेट्रोल पंप खुले रहेंगे। इस मामले में आशुतोष एटी पेडणेकर, सचिव, खाद्य व नागरिक आपूर्ति विभाग कहते हैं कि तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों, पेट्रोलियम डीलर के साथ बैठक होगी। सभी पक्षों से बात होने के बाद इस संकट का हल निकलने की उम्मीद है।

राजस्थान के अन्य जिलों के हाल
बता दें कि सीकर में रिलायंस और एस्सार के 80 प्रतिशत पंप बंद हो गए। डीजल की प्रतिदिन 5 लाख लीटर की डिमांड के मुकाबले 4 लाख लीटर की आपूर्ति हुई। झुंझुनूं में एडंवास रकम देने के बाद भी मांग के अनुसार डिपो से पेट्रोल नहीं मिला। चूरू में तीन दिन में एक बार डिपो से पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति हो रही। भीलवाड़ा में डिपो से पांच दिन में एक बार पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति हो रही।

जोधपुर में 60 पेट्रोल पंप बंद
श्रीगंगानगर में एस्सार और रिलायंस के सभी पेट्रोल पंप ड्राइ हो चुके हैं। पाली से 10 से ज्यादा पेट्रोल पंप बंद होने की खबर है। एडवांस बुकिंग और एडवांस डीडी लगाने के बाद भी डिपो से तेल नहीं मिल रहा है। जोधपुर में 60 पेट्रोल पंप पर तेल खत्म हो गया। अब कंपनियों ने राशनिंग शुरू की। रिलायंस और नायरा के 50 से 55 पंप ड्राइ होने के बाद बंद हैं।

हनुमानगढ़ में दो दिन का तेल बचा
हनुमानगढ में रिलायंस के पंप 2 दिन से बंद। अन्य पंप पर दो दिन का स्टाक ही शेष है। धौलपुर में भारत पेट्रोलियम के पंपों पर डीजल की किल्लत। डिपो से दो दिन में एक बार तेल की आपूर्ति। रिलायंस के पंप एक माह से बंद। बाड़मेर में मांग के अनुरूप डीजल मिल रहा न पेट्रोल। डिपो से तेल लेने के लिए तीन से चार दिन का इंतजार। उदयपुर में 200 में से एचपीसीएल, बीपीसीएल, रिलायंस के 50 पेट्रोल पंप ड्राइ होने के बाद बंद। 150 पंप किल्लत से जूझ रहे हैं। जैसे ही स्टाक खत्म होगा वैसे ही बंद कर दिए जाएंगे

केंद्र सरकार निकाले समाधान-मंत्री
राजस्थान के खादय व नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि राज्यों को सुगमता से पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराना केन्द्र की जिम्मेदारी है। तीनो तेल कंपनियां केन्द्र सरकार के अधीन हैं तो समाधान भी वहीं से निकलेगा।












Click it and Unblock the Notifications