Jaunpur News: अध्यापिका को रसोइए पर आया गुस्सा, फेंक दी एमडीएम और भूखे रह गए मासूम
जौनपुर के मड़ियाहूं स्थित आदर्श प्राथमिक विद्यालय में अनुसूचित जाति की रसोईया द्वारा बनाए गए एमडीएम को अध्यापिका ने फेंका। ग्राम प्रधान ने भूखे बच्चाें में बांटे बिस्किट। एबीएसए कर रहे मामले की जांच।

Jaunpur जिले के रामनगर विकासखंड अंतर्गत मड़ियाहूं में स्थित प्राथमिक विद्यालय प्रथम में अनुसूचित जाति के रसोईया द्वारा बनाए गए मिड-डे-मील को फेंके जाने का मामला ठंडा होने का नाम नहीं ले रहा है। इस मामले में अधिकारियों द्वारा जांच कर कार्रवाई की बात कही जा रही है। वहीं अनुसूचित जाति की महिला के साथ भेदभाव किए जाने के मामले में अनुसूचित जाति के नेताओं द्वारा भी इसे लेकर नाराजगी प्रकट की जा रही है। नेताओं का कहना है कि अध्यापिका के खिलाफ कार्यवाही की जानी चाहिए।

खाना फेंकने के बाद जमकर हुआ हंगामा
दरअसल मड़ियाहूं में स्थित आदर्श प्राथमिक विद्यालय प्रथम में अनुसूचित जाति के अंतर्गत आने वाले पासी समाज की संतरा देवी नामक एक महिला को रसोइया के रूप में नियुक्त किया गया है। मंगलवार को संतरा देवी 200 बच्चों के लिए मिड डे मील के हिसाब से चावल एवं दाल बना रही थी। संतरा देवी का आरोप है कि मिड डे मील तैयार हो गया था उसी समय विद्यालय में पढ़ाने वाली अध्यापिका सपना सिंह वहां पहुंची और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली दी। गाली देने के बाबत पूछताछ करने पर अध्यापिका ने मिड डे मील को फेंक दिया।

रसोईया द्वारा अध्यापिका पर लगाए गंभीर आरोप
मिड डे मील फेंक दिए जाने के बाद विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद आने सहायक अध्यापक और गांव के अन्य लोग भी पहुंचे। वही किसी अध्यापक द्वारा ग्राम प्रधान प्रतिनिधि को भी सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राणा पुष्पेश यादव भी वहां पहुंचे और किसी तरह मामले को शांत कराए। रसोइया संतरा देवी द्वारा आरोप लगाया गया कि अनुसूचित जाति का होने के चलते अध्यापिका उससे घृणा करती हैं और मिड डे मील फेंकते हुए उन्होंने यह कहा कि किसके हाथ से बनाया गया खाना कोई भी बच्चा या अध्यापक नहीं खाएगा।

एबीएसए द्वारा की जा रही मामले की जांच
प्राथमिक विद्यालय में एमडीएम फेंके जाने के बाद ग्राम प्रधान द्वारा इसकी सूचना खंड शिक्षा अधिकारी अजीत कुमार सिंह और नायब तहसीलदार संतोष कुमार सिंह को दी गई। वहीं मंगलवार को एमडीएम न मिलने के चलते बच्चे भूख से तड़पते नजर आए। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि द्वारा बाजार से बिस्कुट मंगा कर बच्चों में बांटा गया। वहीं यह भी बताया जा रहा है कि इस मामले में खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा जांच पड़ताल की गई है। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि यह मामला बहुत ही दुखद है और अभी इसकी जांच पड़ताल की जा रही है। जांच पड़ताल के बाद रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को प्रेषित की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications