Jabalpur में नमामि नर्मदे प्रोजेक्ट की समीक्षा, तीन फेज में होंगे प्रोजेक्ट के कार्य: सीएम शिवराज सिंह
नमामि नर्मदे प्रोजेक्ट की सीएम शिवराज सिंह ने समीक्षा की। जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पर वर्चुअली अधिकारियों से चर्चा की और जरुरी दिशा निर्देश दिए।

Namami Narmada project in Jabalpur: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जबलपुर डुमना एयरपोर्ट पर नमामि नर्मदे प्रोजेक्ट को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। मुख्यमंत्री ने नोडल विभाग, नगरीय प्रशासन विभाग को प्रोजेक्ट की डीपीआर शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डीपीआर के बाद प्रोजेक्ट का स्वरूप और स्थिति क्लीयर हो जाएगी। इसमें विशेष रूप से यह भी देखा जाए कि पर्यावरण और नर्मदा संरक्षण में किसी प्रकार की कोई समस्या न आए। सीएम बोले कि पूरा प्रोजेक्ट तीन फेज में पूर्ण किया जायेगा।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रोजेक्ट के फंडिंग स्ट्रक्चर की जानकारी देते हुए कहा है कि प्रोजेक्ट को फेजेज में किया जाए। फर्स्ट फेज लगभग 200 करोड़ रूपये का होगा। इसमें नर्मदा में मिलने वाले गंदे नालों को रोकना, घाटों का उन्नयन और साफ-सफाई, नर्मदा बफर जोन में वृक्षा-रोपण, बायो-डायवर्सिटी, लेंड स्केप, लोक- प्रसाधन इत्यादि को शामिल किया गया है। उन्होंने पहले फेस का कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रोजेक्ट के दूसरे फेज में 400 करोड़ रूपये से नर्मदा-पथ सहित अन्य विकास कार्य किये जाना हैं। इसमें नर्मदा ग्राम, नर्मदा वाटिका और 15 किलोमीटर का नर्मदा-पथ भी होगा। साथ ही नर्मदा रिसर्च सेंटर, बायो-डायवर्सिटी कंजर्वेशन, वॉटर क्वालिटी मॉनिटरिंग सिस्टम, बायोरेमेडिएशन, पार्किंग शामिल हैं।

सीएम ने कहा कि प्रोजेक्ट का थर्ड फेस अनुमानित 300 करोड़ रूपये का होगा। इसमें फेज 1 और 2 के घटकों को शामिल करते हुए घाटों के डेवलपमेंट और कंजर्वेशन क्षेत्र में कार्य कर रही एजेंसी से प्रस्ताव तैयार करवाये जाएंगे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि नमामि नर्मदे प्रोजेक्ट में लगभग 1042 करोड़ रूपए की लागत आएगी। थर्ड फेस को स्मार्ट सिटी टेकअप करें और एनवीडीए से कोर्डिनेशन होगा। उन्होंने कहा कि नर्मदा के किनारे 300 मीटर क्षेत्र में निर्माण को लेकर हाई कोर्ट के जो निर्देश है, उसके संबंध में हाई कोर्ट को पत्र लिखा जाए और इस कार्य में एडवोकेट जनरल समन्वय करें। आपको बता दें कि मुख्यमंत्री ने कुछ समय पहले जबलपुर प्रवास के दौरान नर्मदा कॉरिडोर बनाने की घोषणा की थी, जिसके तहत अधिकारियों से वर्चुअल चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए।












Click it and Unblock the Notifications