Jabalpur में ‘अंधविश्वास की ज्योति’! नर्मदा में चलकर रानू मंडल जैसे हो रही थी फेमस, अब पहुंच गई होशंगाबाद
जबलपुर के नर्मदा घाट में ‘महिला के पानी में चलने’ की चर्चा ने प्रशासन की नाक में दम कर दिया। बड़ी मुश्किल से जब महिला से पूछताछ हुई तो उसने किसी भी तरह के चमत्कार से इंकार किया।

Jabalpur superstition on narmda river: मध्य प्रदेश के जबलपुर में नर्मदा नदी के पानी में महिला के चलने वाले वायरल वीडियो का सच सामने आ ही गया। उससे पहले कुछ ही घंटो में रानू मंडल की तरह फेमस होने लगी थी। 52 साल की यह महिला घर से करीब साल भर से लापता थी।

पुण्य सलिला नर्मदा का अवतार और चमत्कार मानकर एमपी के जबलपुर में जिस महिला को पूजा जाने लगा था। वह ज्योति रघुवंशी है, जिसे मानसिक रूप से विक्षिप्त बताते हुए उसके बेटे ने पिपरिया थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
Recommended Video

पिछले साल 11 मई 2022 को बेटे रमन रघुवंशी द्वारा पुलिस में दर्ज कराई गई रिपोर्ट भी अब सामने आ गई है। नर्मदा का अवतार मानकर महिला की अंधभक्ति में बढ़ती हजारों लोगों की भीड़ के बाद पुलिस भी एक्शन में आई। महिला के बताए अनुसार जब होशंगाबाद पुलिस से सम्पर्क किया गया तो पता चला कि ज्योति के पति का कुछ साल पहले निधन हो गया था। वह कल्लूखापा गांव में बेटे के साथ रहा करती थी। दिमागी हालत ठीक न होने की वजह से पिछले साल वह यहां-वहां नर्मदा तटों पर घूमती रही। तभी नर्मदा परिक्रमावासियों के एक दल के साथ जबलपुर जिले पहुंच गई। बताया गया कि वह लगभग 10 दिनों से यहां नर्मदा के छोटे-बड़े घाटों पर नजर आई। इसी दौरान तिलवारा घाट के एक हिस्से जहां उथला पानी था। वहां एक छोर से दूसरी छोर की तरफ जब चली तो किसी ने दूर से उसका वीडियो बना लिया। फिर वह वीडियो वायरल हो गया और लोग महिला को नर्मदा के गहरे पानी में चलने का चमत्कार बताने लगे।

महिला ने खुद बताया 'पानी में चलने का सच'
इस महिला को लेकर अंधश्रद्धा की बाढ़ और बढ़ती, उससे पहले पुलिस ने ज्योति को अपनी सुरक्षा में ले लिया। जब उससे कथित चमत्कार और उसके बारे में फ़ैल रही बातों के बारे में पूछा तो सच सामने आ गया। ज्योति ने खुद बताया कि नदी में जहां घुटने से कम पानी होता है, वह वहां चल रही थी। नहाने के बाद कपड़े सूखे रहते है, उसने इस बात को भी भ्रम बताया। ज्योति का कहना था कि नहाने के कुछ देर बाद धूप में खड़े-खड़े कपड़े सूख जाते थे। उसने किसी भी तरह की सिद्धि विद्या से इंकार किया और चमत्कार जैसी बातों को भी झूठा बताया।

ऐसे बढ़ता गया अंधविश्वास
वीडियो देख कई आस्थावानों में महिला के दर्शन करने की जिज्ञासा जाग उठी थी। ज्योति को ढूंढकर उसे फिर चलवाया जाने लगा था। तिलवारा घाट के ब्रिज तक भक्तों की भीड़ बढ़ती चली गई। आनन-फानन में धर्म-कर्म करने वाली कुछ समितियां भी सक्रिय हो गई। चमत्कार को नमस्कार करने वालों की तैयार टोली से भी जब भीड़ संभाले नहीं संभली, तो कुछ लोग महिला को एक मंदिर के कमरे में ले गए। वहां खिड़की से महिला के दर्शन करने लोग टूट पड़े। महिला भी सभी को मनोकामना पूर्ति का आशीर्वाद देने लगी। इससे मां नर्मदा के कथित अवतार को और बल मिलता गया।

..तो रानू मंडल जैसे होने लगी थी फेमस
रातों-रात अपनी जादुई आवाज की बदौलत देश भर में फेमस हुई पश्चिम बंगाल की रानू मंडल को कौन भूल सकता है। उसी तर्ज पर सोशल मीडिया पर ज्योति रघुवंशी के 'पानी में चलने' वाला वीडियो छा रहा था। कुछ यूजर्स के अकाउंट में पोस्ट हुए वीडियो को कुछ ही घंटों में लाखों लोगों ने देख लिया। कई हजार लोगों ने शेयर भी किया। भीड़ से निकालकर जब पुलिस ने ज्योति की सच्चाई बताई, तब कही जाकर पानी में चलने के हल्ले पर ब्रेक लगा। एसपी टीके विद्यार्थी का कहना है कि संबंधित महिला को उसके घर सुरक्षित भिजवाया गया है। उसका स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया।













Click it and Unblock the Notifications