रिक्शा वाले राजेश की गरीबी को बनाया तमाशा, प्रशासन ने लिया संज्ञान, बुजुर्ग महिला के पास छोड़ता था बच्चे
जबलपुर, 25 अगस्त: मुफलिसी की दास्तान के साथ गरीबी का मजाक उड़ाने वालों की कमी नहीं। एमपी के जबलपुर में रिक्शा चालक का कुछ दिनों पहले शूट हुआ वीडियो कुछ लोगों ने सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। जिसमें रिक्शा वाला एक हाथ से कंधे पर नंगे बदन बच्चे को थामे रिक्शा चलाता दिख रहा है। लेकिन असली सच्चाई तब सामने आई जब बाल कल्याण की टीम रिक्शा वाले के ठिकाने पर पहुंची। रिक्शा वाला मुफलिसी की जिंदगी तो जी रहा है, लेकिन कुछ लोगों ने जबरदस्ती उसके बच्चे को नंगा करवाकर उसके कंधे पर टंगवा दिया। वह अपने बच्चे को चाइल्ड केयर टीम को सौपने भी तैयार नहीं।

वायरल वीडियो देख हर कोई हैरान
बिहार से दो जून की रोटी के लिए एमपी के जबलपुर आए राजेश के इस हाल को देखकर इसके भीतर तड़पती गरीबी दिखाई पड़ती है। पहली नजर में तो इसका वायरल हो रहा वीडियो हर किसी को झकझोर देता है। कानों में आवाज गूंजती है कि यह कितना लाचार बेबस बाप है कि बच्चे के तन को ढंकने तक के इसके पास पैसे नहीं है। देखने वाला इसके इस हाल की वजह जानना चाहता है कि आखिर यह एक कंधे पर नंगे बच्चे को लादे रिक्शा क्यों चला रहा है?

चाइल्ड केयर की टीम पहुंची तो पता चला...
सोशल मीडिया पर इसके इस हाल का जमकर वीडियो वायरल हुआ। दावा होता रहा कि राजेश मालदार हर रोज इसी तरह बच्चे को कंधे को टांगकर रिक्शा चलाता है और बच्चे की परवरिश करने वाला इसके पिता के अलावा कोई नहीं। बाल कल्याण समिति भी इसकी खोजखबर लेने जुट गई। बाद में पता चला कि कुछ लोगों के कहने पर वीडियो बनाने के लिए बच्चे को इस तरह लेकर निकला था। फुटपाथ में जहां इसका बसेरा है, वहां एक बुजुर्ग महिला भी मिली, जिसके पास बच्चे को छोड़कर जाता था।

बच्चे को शेल्टर देने तैयारी, राजेश तैयार नहीं
बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. मनीष व्यास ने बताया कि रिक्शे वाले की स्थिति दयनीय है। प्रशासन द्वारा भी इस मामले में संज्ञान लिया गया है। शेल्टर की व्यवस्था की जाएगी, पर राजेश बच्चे को सौंपने तैयार नहीं है। मौके से वह बच्चे को लेकर भाग भी गया। उसने समिति को बताया है कि वह अपने बच्चों को लेकर वापस बिहार जाएगा।

10 साल से जबलपुर में रह रहा राजेश
बिहार के कटिहार जिले के रहने वाले राजेश मालदार ने करीब 10 साल पहले सुनहरे सपने देखे थे कि जिंदादिल जबलपुर शहर में उसे जिंदगी सुकून से जीने मिलेंगी। शादी हुई, परिवार में जन्में बेटे-बेटी के रूप में खुशियां मिली। लेकिन तकदीर ही कुछ ऐसी थी कि दुधमुंहे बच्चे की परवाह किए बिना पत्नी किसी और मर्द के साथ भाग गई। जिससे बच्चों की जिम्मेदारियों का सारा बोझ राजेश के ही कंधों पर आ गया।

आखिर यह मजाक क्यों ?
जबलपुर की सडकों पर सामने आई यह तस्वीर शर्मनाक जरुर है, लेकिन इसे जिस ढंग से पेश किया गया वह करतूत उससे भी ज्यादा शर्मनाक है। किसी की गरीबी का इससे ज्यादा भद्दा मजाक और क्या होगा कि वीडियो बनाने के लिए उसके बच्चे को निर्वस्त्र करवा दिया जाए। फिर जबरदस्ती उसकी जान जोखिम में डाल दी जाए।












Click it and Unblock the Notifications