Jabalpur News: उड़नखटोले में रिमझिम, मतलब स्पाइस जेट...यात्री बोले इससे भला खटारा टेम्पो
जबलपुर, 11 अगस्त: अभी तक आप पानी टपकती छत वाली बस-ट्रेन के सफ़र से आप जूझे होंगे, लेकिन अब हवाई जहाज में भी ये मुसीबत मिलने लगी है, वो भी फ्री में....बुधवार को मुंबई से जबलपुर के लिए उड़ान भरे स्पाइस जेट विमान के अंदर छत से टपकता पानी तो यही साबित करता है। लग्जरी यात्रा के शौक़ीन यात्री, जब इससे परेशान हुए तो उन्होंने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। करीब महीने भर पहले इसी कंपनी के विमान में धुंआ भर गया था और अब लीकेज छत वाले विमान उड़ रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सोशल मीडिया में वायरल हो रहे वीडियो के बारे में बताया जा रहा है कि यह स्पाइस जेट का विमान है। बुधवार को फ्लाइट SG-3003 ने मुंबई से जबलपुर के लिए उड़ान भरी थी। विमान में सवार हुए यात्री जैसे ही अपनी सीट पर बैठे, तो वह गीली थी। उन्होंने अपनी नजरें ऊपर की तो छत से कई जगह से पानी टपक रहा था। विमान उड़ता रहा और पानी की रिमझिम फुहार छूटती रही। तभी कुछ यात्रियों ने इस बदइंतजामी का वीडियो बना लिया।

खटारा बस या टेम्पो नहीं
विमान में सफ़र कर रहे जबलपुर के यात्री कमल ग्रोवर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट में वीडियो पोस्ट किया। उन्होंने लिखा है कि वह अपने भाई के साथ इसी फ्लाइट में मुंबई से जबलपुर के लिए सवार हुए थे। टपकते पानी की, उन्होंने एयर होस्टेस को शिकायत की, तो दूसरी सीट पर बैठने कह दिया गया। वो सीट भी पानी से गीली थी। विमान की उड़ान जारी थी, तभी अन्य सीट पर बैठे यात्रियों के ऊपर भी छत से बरसात होने लगी।

जब रन-वे पर पायलट ने पटक दिया जहाज !
पीड़ित यात्री कमल ग्रोवर अपनी पोस्ट में आगे लिखते है कि टपकते पानी की शिकायत सुनने न तो एयर होस्टेस तैयार हुई और न ही कैप्टन आया। पानी की रिमझिम फुहार टपकते पानी के बीच सफ़र जारी रही। राम-राम करके फ्लाइट की, जब जबलपुर में लैंडिंग हुई तो ग्रोवर समेत अन्य यात्रियों को ऐसा लगा, जैसे पायलट ने जहाज को रनवे पर पटक दिया हो। उन्होंने इस अनुभव को बहुत ही गंदा बताया है।

कभी धुंआ, कभी पानी...कैसा है स्पाइस जेट?
यह पहला अवसर नहीं, जब जबलपुर के हवाई यात्रियों को इस बुरे अनुभव से जूझना पड़ा हो। करीब महीने भर पहले 5 हजार फीट की ऊँचाई पर स्पाइस जेट के विमान के भीतर ही धुंआ उठा था। जिसमें सवार यात्रियों में घुटन महसूस होने लगी थी। जब विमान में सवार यात्रियों ने हंगामा मचाया तो दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग हुई। विमान में चिंगारी भड़कने की ख़बरें भी आई थी।

उड्डयन मंत्रालय को करेंगे शिकायत
जबलपुर से कनेक्ट विमानों में लगातार ऐसी शिकायतें बढ़ रही हैं। एक तरफ सरकार महाकौशल अंचल के इस शहर को उच्च स्तरीय हवाई सेवाओं से लैस करने दावा कर रही है, तो दूसरी तरफ जबलपुर आने जाने वाली फ्लाइट भगवान भरोसे उड़ रही है। कभी रनवे पर विमान फिसल जाता है, कभी उड़ते विमान में चिंगारी, धुंआ निकलने लगता है। कमल ग्रोवर का आरोप है कि स्पाइस जेट के विमान में यात्रियों का सफ़र महफूज नहीं। इस मामले की वह उड्डयन मंत्रालय में भी शिकायत करेंगे।
ये भी पढ़े-Raksha bandhan 2022: जबलपुर में नए मेयर का अनूठा गिफ्ट, राखी बांधने फ्री में चलो....












Click it and Unblock the Notifications