Jabalpur News: बीजेपी पार्षदों की शपथ में दिलदार कांग्रेस, महापौर जगत बहादुर बोले हम साथ साथ हैं
जबलपुर, 08 अगस्त: मप्र के सबसे पहले नगर निगम में नव निर्वाचित पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह के दूसरे दिन भाजपा के 44 पार्षदों ने शपथ ग्रहण की। नगर निगम के इतिहास में यह पहला मौका था, जब बीजेपी-कांग्रेस दोनों के शपथ प्रोग्राम अलग-अलग रखे गए। बीजेपी पार्षदों के इस शपथ कार्य्रकम की ख़ास बात यह थी कि कांग्रेस ने अपनी दिलदारी पेश की। महापौर भी पहुंचे और उनके साथ कांग्रेस के सभी विधायक भी।

बीजेपी के 44 पार्षदों ने ली शपथ
जबलपुर में एक दिन पहले कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों ने शपथ ली थी। सोमवार को बीजेपी के पार्षद अलग से शपथ लेने तैयार हुए। तय कार्यक्रम के मुताबिक बीजेपी के सभी नव निर्वाचित 44 पार्षदों को कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी. ने शपथ दिलाई। जो सदस्य पहली निर्वाचित होकर नगर निगम सदन में पहुंचेंगे, वह शपथ लेते बेहद उत्साहित दिखे।

9 पार्षदों ने ली संस्कृत में शपथ
दूसरे दिन शपथ समारोह की शुरुआत अलग अंदाज में हुई। बीजेपी के 9 पार्षद ऐसे थे, जिन्होंने संस्कृत भाषा में शपथ ग्रहण की। इनमें रिंकू विज, कमलेश अग्रवाल, जीतू कटारे, लवलीन आनंद, सुशील गोस्वामी, पूजा पटेल, प्रिया तिवारी शामिल रहे। कार्यक्रम स्थल में बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता भी शामिल हुए।

बीजेपी के ये दिग्गज रहे शामिल
एक ही दिन सभी पार्षदों के शपथ ग्रहण कार्यक्रम के लिए बीजेपी तैयार नहीं थी। दलील दी गई थी, कि आयोजन बीजेपी के प्रोटोकॉल के विपरीत है। लिहाजा वह अलग से शपथ ग्रहण करेंगे। कांग्रेस पार्षदों की शपथ के एक दिन बाद हुए इस कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री गोपाल भार्गव, सांसद राकेश सिंह, पूर्व महापौर स्वाति गोडबोले समेत बीजेपी के तमाम विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता तो मौजूद रहे।

कांग्रेस ने दिखाई दिलदारी
कांग्रेस की तरह बीजेपी के भी शपथ ग्रहण समारोह के आमंत्रण में शहर के महापौर, कांग्रेस के सभी विधायकों और राज्य सभा सांसद को आमंत्रित किया था। कांग्रेस के शपथ कार्यक्रम में तो बीजेपी के कोई भी नेता शामिल नहीं हुए, लेकिन बीजेपी के इस प्रोग्राम में कांग्रेस ने बाजी मार ली। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू समेत कांग्रेस के सभी विधायक मंच पर नजर आए।

हम साथ-साथ है
कांग्रेस से महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू के नेतृत्व में ही अगले पांच साल शहर सरकार चलनी है। मेयर जगत बहादुर अन्नू ने कहा कि अब हम बीजेपी कांग्रेस नहीं, बल्कि एक परिवार हैं। उन्होंने कहा कि शहर विकास के लिए हमें एक होकर काम करना पड़ेगा, क्योंकि जनता ने हमें बनाया है और हमें जनता के पास भी जाना है। हम साथ साथ है, इसी भावना के साथ शहर को नई ऊँचाइयों पर ले जाना सभी का दायित्व है।

बनी रहे नर्मदा की पवित्रता निर्मलता
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने इस दौरान अपने नर्मदा को निर्मल करने के वादे को फिर दोहराया। उन्होंने कहा कि शहर के नालों का एक बूंद गंदा पानी भी मां नर्मदा में मिलने से रोकना है। उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए पारस्परिक एकता बेहद जरूरी है। महापौर और बीजेपी पार्षदों के साथ इस मितव्ययी व्यवहार की कार्यक्रम के दौरान काफी चर्चा रही। लेकिन यह मितव्ययता कितने दिन या कितने घंटों तक चलेगी इसकी गारंटी कोई नहीं ले सकता।












Click it and Unblock the Notifications