चीन के राष्ट्रपति को कितनी मिलती है सैलरी, कितनी है शी जिनपिंग की प्रॉपर्टी, जानें लाइफस्टाइल और सबकुछ
अपनी शिक्षा के लिए शी बीजिंग नंबर 25 स्कूल और फिर बीजिंग बेई स्कूल गए। 10 साल की उम्र में माओ की सांस्कृतिक क्रांति के दौरान उनके पिता को देश से बाहर निकाल दिया गया था।
Xi Jinping Salery Property: कम्युनिस्ट पार्टी पर कब्जा करने के बाद शी जिनपिंग इतिहास रचते हुए लगातार तीसरी बार चीन के राष्ट्रपति बन गये हैं। कम्युनिस्ट पार्टी की 20वीं कांग्रेस में शी जिनपिंग को लगातार तीसरी बार देश का राष्ट्रपति चुना गया है और शी जिनपिंग ने जो चीन में तमाम महत्वपूर्ण मुद्दों पर फैसले लेने वाली सात सदस्यीय कम्युनिस्ट पार्टी स्टैंडिंग कमेटी को चुना है, उसमें उन्होंने अपने तमाम विश्वासपात्रों को जगह दी है। जिसके बाद आलोचकों का कहना है, की शी जिनपिंग की नई टीम में उनके तमाम कट्टर समर्थक भरे हुए हैं, जबकि एक भी उदारवादी चेहरे को टीम में शामिल नहीं किया गया है। ऐसे में जानना जरूरी हो जाता है, कि चीन के सबसे ताकतवर शख्स की कितनी सैलरी है, उनका लाइफस्टाइल और उनका फैमिली बैकग्राउंड कैसा है?

कौन हैं शी जिनपिंग?
शी जिनपिंग साल 2012 में पहली बार चीन के राष्ट्रपति बने थे और अपने दूसरे कार्यकाल में उन्होंने राष्ट्रपति के साथ साथ कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव के साथ साथ चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के प्रमुख का पद भी अपने हाथों में लिया। शी जिनपिंग के पिता Xi Zhongxun चायनीज कम्युनिस्ट पार्टी के बहुत बड़े नेता थे और वो देश के उप-प्रधानमंत्री भी रह चुके हैं, लिहाजा शी जिनपिंग को शुरू से ही 'राजकुमार' कहा जाता था। इस वक्त भी शी जिनपिंग के खेमे को 'राजकुमार गैंग' कहा जाता है। शी जिनपिंग का जन्म 15 जून, 1953 को चीन की राजधानी बीजिंग में हुआ था। उनकी दो बड़ी बहनें भी हैं, जिनका नाम क़ियाओक़ियाओ और अनान है।

शी जिनपिंग की पढ़ाई-लिखाई
अपनी शिक्षा के लिए शी बीजिंग नंबर 25 स्कूल और फिर बीजिंग बेई स्कूल गए। 10 साल की उम्र में माओ की सांस्कृतिक क्रांति के दौरान उनके पिता को देश से बाहर निकाल दिया गया था। बाद में शी जिनपिंग को भी ग्रामीण यानचुआन काउंटी में निर्वासित कर दिया गया, जहां वे लियांगजियाहे गांव में रहते थे। लेकिन, बाद में शी उनके पिता कम्युनिस्ट पार्टी में शामिल हो गये। वहीं, साल 1971 में शी जिनपिंग चीन की कम्युनिस्ट यूथ लीग में शामिल हो गए और तीन साल बाद उन्हें चीनी कम्युनिस्ट पार्टी में स्वीकार कर लिया गया। 1975 से 1979 तक शी जिनपिंग ने सिंघुआ विश्वविद्यालय में कैमिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और साल 1998 में मार्क्सवाद का अध्ययन करने के बाद वो चीन की एक्टिव पॉलिटिक्स में शामिल हो गये। वहीं, साल 2012 में शी जिनपिंग ने कानून की पढ़ाई में भी ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की।

शी जिनपिंग की राजनीतिक उड़ान
शी जिनपिंग ने साल 1979 में अपनी राजनीतिक चढ़ाई शुरू की, जब उन्होंने अपने पिता के पूर्व अधीनस्थ गेंग बियाओ के सचिव के रूप में काम करना शुरू किया, जो उस समय केंद्रीय सैन्य आयोग के उपाध्यक्ष और महासचिव थे। इसके बाद साल 1982 में शी जिनपिंग, झेंगडिंग काउंटी के उप पार्टी सचिव बने। बाद में उन्हें अगले वर्ष सचिव के रूप में पदोन्नत किया गया। शी जिनपिंग ने साल 1982 से 2007 तक चार अलग-अलग प्रांतों में सचिवीय पदों पर काम करते हुए कम्युनिस्ट नेताओं का दिल जीता और पार्टी में अपनी प्रमुख मौजूदगी दर्ज कराई। साल 2007 में पहली बार शी जिनपिंग को कम्युनिस्ट पार्टी की सबसे ताकतवार शाखा पोलित ब्यूरो की स्टैंडिंग कमेटी में शामिल किया गया और वो केंद्रीय सचिवालय के पहले सचिव बने। अगले वर्ष, यानि 2008 में उन्हें अनौपचारिक रूप से हू जिंताओ के उत्तराधिकारी के रूप में नये राष्ट्रपति के तौर पर नामित किया गया और साल 2009 में शी जिनपिंग चीन के उपराष्ट्रपति और केंद्रीय सैन्य आयोग के उपाध्यक्ष बने।

जब पहली बार बने राष्ट्रपति
शी जिनपिंग साल 2012 में पहली बार चीन की राजनीति में सर्वोच्च पद पर पहुंचे, जब उन्हें कम्युनिस्ट पार्टी का महासचिव और केंद्रीय सैन्य आयोग का अध्यक्ष नामित किया गया। नतीजतन, वह देश के सर्वोपरि नेता बन गए। अंत में साल 2013 में शी जिनपिंग को पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के राष्ट्रपति के रूप में चुना गया। सत्ता संभालने के बाद से शी जिनरपिंग ने पार्टी के अनुशासन को लागू करने और नागरिक स्वतंत्रता को प्रतिबंधित करने के लिए आक्रामक कदम उठाए। उनकी शुरुआती उल्लेखनीय पहलों में उनका "भ्रष्टाचार विरोधी" अभियान था, जिसे उन्होंने राजनीतिक शुद्धिकरण अभियान बताया। लेकिन, इस अभियान के तहत शी जिनपिंग ने पार्टी में नीचे से ऊपर तक अपने तमाम विरोधियों को खत्म करना शुरू कर दिया। इस अभियान के तहत चीनी अदालतों ने शी जिनरिंग के सैकड़ों विरोधियों को फांसी और उम्र कैद की सजा सुनाई। पिछले महीने तक ये सिलसिला चला है, जब कम्युनिस्ट पार्टी के तीन अधिकारियों को फांसी की सजा सुनाई गई है।

शी जिनपिंग की निजी जिंदगी
साल 1979 में शी जिनपिंग ने यूनाइटेड किंगडम में पूर्व चीनी राजदूत की बेटी 'के लिंगलिंग' से शादी की, हालांकि, शादी के महज तीन सालों के बाद ही साल 1982 में इस जोड़ी का तलाक हो गया। उसके पांच साल बाद शी जिनपिंग ने प्रसिद्ध चीनी लोक गायक पेंग लियुआन से शादी की। जिससे उन्हें एक बेटी शी मिंग्ज हुआ, जिसने साल 2015 में हार्वर्ड विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया है। वहीं, शी जिनपिंग का परिवार का बीजिंग के जेड स्प्रिंग हिल क्षेत्र में रहता है, जहां उनका घर है।

शी जिनपिंग की सैलरी और संपत्ति
शी जिनपिंग दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के नेता हैं, लेकिन दुनिया के अन्य नेताओं की तुलना में उनकी कुल संपत्ति काफी कम है। 2015 में प्रकाशित सेलिब्रिटी नेट वर्थ रिपोर्ट के अनुसार, चीन के 69 वर्षीय राष्ट्रपति की कुल संपत्ति सिर्फ 10 लाख डॉलर है। 2015 में प्रकाशित फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, शी जिनपिंग की सैलरी 22 हजार डॉलर प्रति महीने है। जबकि, इसकी तुलना में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की सैलरी 4 लाख डॉलर प्रति महीना है। वहीं, फोर्ब्स की रिपोर्ट के मुताबिक, जो बाइडेन की संपत्ति 80 लाख डॉलर है। वहीं, इस साल कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है, कि शी जिनपिंग की सैलरी में 62 प्रतिशत का इजाफा किया गया है, हालांकि इस साल उन्हें कितनी सैलरी मिलती है, इस बात का जिक्र रिपोर्ट्स में नहीं किया गया है। वहीं, चीनी राष्ट्रपति Hongqi N501 लिमोजिन गाड़ी से चलते हैं, जिसकी कीमत 7 लाख 60 हजार डॉलर है।












Click it and Unblock the Notifications