'बहुत बड़ा साइबर अटैक', X के ग्लोबल आउटेज के बीच Elon Musk का दावा, एक दिन में तीन बार डाउन हुआ एक्स
Elon Musk on X Outage Hindi: माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर कई घंटों तक ग्लोबल आउटेज की समस्या देखने को मिली। एक दिन के अंदर तीन बार एक्स डाउन हुआ, जिसके चलते दुनियाभर में यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस बीच स्पेसएक्स और एक्स के मालिक एलन मस्क (Elon Musk) ने दावा किया है कि प्लेटफॉर्म 'बड़े साइबर हमले' का शिकार हुआ है।
दरअसल, 'एक्स' सोमवार को दुनियाभर में एक दिन के भीतर तीन दफा डाउन हो गया। जिसके चलते एक्स की सर्विस पूरी तरह से ठप पड़ गई। जिस वजह से यूजर्स को लॉग-इन करने में दिक्कत का सामना करना पड़ा।

बता दें कि पहली बार एक्स दोपहर करीब 3:30 बजे डाउन हुआ, जिससे आधे घंटे तक यूजर्स को एक्सेस करने में परेशानी हुई। इसके बाद शाम 7 बजे से फिर एक घंटे तक यह ठप रहा और फिर रात 8:30 बजे दोबारा बंद हो गया।
प्लेटफॉर्म 'बड़े साइबर हमले' का शिकार
वहीं अब एलन मस्क (Elon Musk) ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह हमला सामान्य नहीं था, बल्कि किसी बड़े, संगठित समूह या फिर किसी देश द्वारा किया गया हो सकता है। उन्होंने लिखा, "एक्स पर एक बहुत बड़ा साइबर हमला हुआ था (अभी भी हो रहा है)। हम पर हर दिन हमले होते हैं, लेकिन यह बहुत बड़े संसाधनों के साथ किया गया था। या तो एक बड़ा समूह या एक देश इसमें शामिल है। ट्रेसिंग जारी है।"

डाउन डिटेक्टर पर यूजर्स की शिकायतें
ऑनलाइन आउटेज को ट्रैक करने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के अनुसार दोपहर 3 बजे के आसपास 2,612 उपयोगकर्ताओं ने एक्स पर समस्या की रिपोर्ट की। इसके बाद शाम 6 बजे से 7:30 बजे के बीच एक और स्पाइक आया, जिसमें 1,312 उपयोगकर्ता प्रभावित हुए।
डाउनडिटेक्टर के अनुसार, रिपोर्ट की संख्या दिन के सामान्य औसत से कहीं अधिक थी। प्लेटफॉर्म पर आउटेज के चलते यूजर्स को लॉगिन, पोस्टिंग और लोडिंग जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा। समस्या अभी भी पूरी तरह से हल नहीं हुई है और प्लेटफ़ॉर्म अस्थिर बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications