'खतरनाक मोड़ पर खड़ी है दुनिया', वर्ल्ड बैंक चीफ ने इजरायल-हमास युद्ध के असर से चेताया
Israel Hamas war: इजरायल और हमास के बीच 7 अक्टूबर से शुरू हुआ युद्ध लगातार जारी है और अकेले गाजा में अभी तक 5 हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, इस युद्ध की वजह से बाकी देशों पर क्या असर पड़ेगा, इसे लेकर वर्ल्ड बैंक की तरफ से भी एक चेतावनी आई है।
वर्ल्ड बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा ने मंगलवार को सऊदी अरब में एक कार्यक्रम में कहा कि इजरायल और हमास के बीच चल रहे युद्ध से दुनिया की अर्थव्यवस्था और उसके विकास को एक बड़ा और गंभीर झटका लग सकता है।

अजय बंगा ने कहा, 'दुनिया इस वक्त एक बेहद खतरनाक मोड़ पर खड़ी है। पूरे विश्व में बहुत कुछ चल रहा है और युद्धों को लेकर जियो-पॉलिटिक्स हो रही है। इजरायल और गाजा में हाल ही में जो कुछ हुआ है, वो सब आप देख ही रहे हैं। और आखिर में, इन सब चीजों को जब एक साथ जोड़ा जाता है, तो मुझे लगता है कि आर्थिक विकास पर इसका असर कहीं ज्यादा गंभीर होगा। जियो-पॉलिटिक्स में तनाव बढ़ना दुनिया की अर्थव्यवस्था के लिए सबसे बड़ा खतरा है। आर्थिक खतरे तेजी से बढ़ते हैं और इन्हें नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।'
अब हमास पर और ज्यादा ताकत से बम बरसा रहा इजरायल
आपको बता दें कि बीते 7 अक्टूबर को हमास के आतंकी गाजा पट्टी से इजरायल में घुसे और करीब 1400 लोगों की जान ले ली। मरने वालों में औरतें और बच्चे भी शामिल थे। इसके अलावा हमास के आतंकी अपने साथ 222 लोगों को बंधक बनाकर भी ले गए। हालांकि हमास के आतंकियों ने बंधक बनाई गई दो बुजुर्ग इजरायली महिलाओं को सोमवार को रिहा कर दिया। वहीं, इजरायल की जवाबी एयर स्ट्राइक में अब तक गाजा में 5 हजार से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। मंगलवार को इजरायली सेना ने कहा कि गाजा पट्टी में हमास के ठिकानों पर अब वो और ज्यादा ताकत से बम बरसा रही है।












Click it and Unblock the Notifications