Nikki Haley: भारतीय मूल की निक्की हेली, डोनाल्ड ट्रंप को पछाड़कर राष्ट्रपति चुनाव की टिकट कर पाएंगी हासिल?
Nikki Haley News: अमेरिका के न्यू हैम्पशायर में करवाए गये लेटेस्ट सर्वेक्षण में रिपब्लिकन पार्टी की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार निक्की हेली, रिपब्लिकन पार्टी के अंदर राष्ट्रपति चुनाव के लिए टिकट हासिल करने की रेस में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मुकाबले अंतर को तेजी से कम कर रही हैं।
पिछले हफ्ते जारी अमेरिकन रिसर्च ग्रुप इंक पोल के मुताबिक, जिसमें मतदाताओं से पूछा गया था, कि वे किसे पसंद करते हैं, उसमें जहां डोनाल्ड ट्रंप को 33 प्रतिशत लोगों का समर्थन हासिल हुआ, वहीं निक्की हेली को 29 प्रतिशत लोगों का साथ मिला।

यानि, डोनाल्ड ट्रंप के मुकाबले निक्की हेली अब काफी कम अंतर से पीछे हैं, जिसके बाद सवाल उठ रहे हैं, कि क्या निक्की हेली अंत में टिकट हासिल करने में कामयाब हो पाएंगी?
इसका मतलब यह हुआ कि हेली और ट्रम्प के बीच का अंतर सिर्फ 4% का है। द गार्जियन की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह सर्वेक्षण एक अन्य सर्वेक्षण के एक दिन बाद आया है, जिसमें दिखाया गया था, कि हेली ने सितंबर के बाद से राज्य में अपना समर्थन दोगुना कर दिया है, जिससे वह रूढ़िवादी मतदाताओं के लिए ट्रम्प के मुकाबले, स्पष्ट विकल्प के रूप में मजबूत हो गई हैं।
हालांकि, सिर्फ न्यू हैम्पशायर ही नहीं है, जहां निक्की हेली गति पकड़ रही हैं। ट्रम्प के अलावा, वह एकमात्र उम्मीदवार हैं, जो जुलाई से राष्ट्रीय चुनावों में लगातार आगे बढ़ रही हैं और अब फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस के ठीक बाद तीसरे नंबर पर हैं।
रॉन डिसेंटिस, जिन्हें पहले ट्रंप के मुकाबले सबसे मजबूत उम्मीदवार माना जा रहा था, वो लगातार अपना समर्थन खो रहे हैं। जबकि, दो और राज्यों, आयोवा और दक्षिण कैरोलिना में भी निक्की हेली की लोकप्रियता में वृद्धि देखी गई है।
निक्की हेली की क्यों बढ़ रही लोकप्रियता?
अमेरिका के प्रसिद्ध रणनीतिकार डेविड कोचेल ने एबीसी न्यूज को बताया, कि प्राथमिक दौड़ में निक्की हेली का ट्रंप के मुकाबले आगे बढ़ने की सबसे बड़ी वजह ये है, कि जो लोग डोनाल्ड ट्रंप का विकल्प खोज रहे हैं, वो निक्की हेली की पहली तीन बहस में प्रदर्शन से काफी आकर्षित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसे प्रदर्शन दिए जिनकी व्यापक रूप से सराहना की गई, जिसमें संभावित प्राथमिक मतदाता भी शामिल थे। हालांकिस डेसेंटिस ने भी बहस के बाद के बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है।
एबीसी न्यूज की रिपोर्ट में कहा गया है, कि निक्की हेली ने डोनाल्ड ट्रंप की आलोचना में एक "नाजुक संतुलन" बनाए रखा है, क्योंकि वह एक गठबंधन बनाने की कोशिश कर रही हैं, जिसमें उनके समर्थक भी शामिल हों।
उदाहरण के लिए, एक टाउन हॉल में, उन्होंने ट्रम्प को "सही समय पर सही राष्ट्रपति" कहा, लेकिन यह भी बताया, कि वह अराजकता के एजेंट थे और यह देश के लिए आगे बढ़ने का समय है।
न्यू हैम्पशायर में उनके समर्थन में तब वृद्धि देखी गई है, जब दिसंबर की शुरुआत में राज्य के चार बार के रिपब्लिकन गवर्नर क्रिस सुनुनु ने उनका समर्थन कर दिया। उन्हें अमेरिकन्स फॉर प्रॉस्पेरिटी से भी समर्थन मिला है, जो सबसे प्रभावशाली अमेरिकी रूढ़िवादी संगठनों में से एक है।
इसके अलावा, निक्की हेली ने पूर्व गवर्नर कीथ रबॉइस का भी समर्थन हासिल कर लिया है, जो पहले रॉन डिसेंटिस का समर्थन कर रहे थे।

क्या ट्रंप को हरा पाएंगी निक्की हेली?
एक राज्य न्यू हैम्पशायर में बढ़त हासिल करने के बावजूद, निक्की हेली राष्ट्रीय चुनावों में ट्रंप से काफी पीछे चल रही हैं। दिसंबर के न्यूयॉर्क टाइम्स-सिएना कॉलेज पोल के अनुसार, 63% संभावित प्राथमिक मतदाताओं ने ट्रम्प को प्राथमिकता दी, जबकि हेली को 12% का समर्थन मिला। डिसेंटिस 9% के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ कड़ी चुनौती पेश करने के लिए उन्हें अपना समर्थन आधार बढ़ाना होगा।
रॉयटर्स की हालिया रिपोर्ट में कहा गया है, कि निक्की हेली को अधिक मतदाताओं के समर्थन की जरूरत है जो ग्रामीण इलाकों में रहते हैं, मध्यम या कामकाजी वर्ग के हैं, या उनके पास कॉलेज की डिग्री नहीं है।
यदि डेसेंटिस जैसे अन्य उम्मीदवार दौड़ से बाहर हो जाते हैं, तो उनकी संभावना भी बेहतर हो जाएगी।
रिपोर्ट में कहा गया है, "इससे उन्हें पार्टी के भीतर ट्रम्प विरोधी गुटों को एक साथ जोड़ने की कोशिश करने की अनुमति मिलेगी, साथ ही शायद ट्रम्प के कुछ मतदाताओं को भी चुराया जा सकेगा।"
हालांकि, तब भी, निक्की हेली को रिपब्लिकन मतदाताओं की राय में बड़े पैमाने पर बदलाव की आवश्यकता होगी।












Click it and Unblock the Notifications