भारत में Reuters का X अकाउंट क्यों हुआ ब्लॉक? भारत सरकार ने झाड़ा पल्ला, क्या है पूरा मामला?
Reuters X account blocked in India: रॉयटर्स के X अकाउंट पर भारत में पाबंदी को लेकर केंद्र सरकार ने रविवार को स्थिति स्पष्ट की। सरकार ने कहा कि इस फैसले में उसकी कोई भूमिका नहीं है, और वह इस तकनीकी मुद्दे को सुलझाने के लिए X (पूर्व में ट्विटर) के साथ लगातार संवाद में है। फिलहाल भारत में रॉयटर्स का मुख्य X हैंडल अनुपलब्ध है, और उस पर एक नोटिस दिखाई दे रहा है, जिसमें कहा गया है कि यह कार्रवाई "कानूनी मांग के तहत" की गई है।
सरकारी प्रवक्ता ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा, 'भारत सरकार की ओर से रॉयटर्स को प्रतिबंधित करने का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। हम इस तकनीकी समस्या के समाधान के लिए X के साथ मिलकर कार्य कर रहे हैं।'

पुराने आदेश के तहत कार्रवाई?
खबरों के मुताबिक, यह संभावना जताई जा रही है कि रॉयटर्स के X अकाउंट पर की गई यह कार्रवाई किसी पुराने कानूनी आदेश के देर से निष्पादन का परिणाम हो सकती है। संबंधित पक्षों का मानना है कि अकाउंट को जल्द ही बहाल कर दिया जाएगा। पीटीआई की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत सरकार ने 7 मई को 'ऑपरेशन सिन्दूर' के दौरान कई सोशल मीडिया अकाउंट्स को ब्लॉक करने का आदेश जारी किया था। इस सूची में रॉयटर्स का नाम भी शामिल था, लेकिन उस समय इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई थी।
ये भी पढ़ें Elon Musk X: एलन मस्क ने बेच दिया सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X', जानें कौन है नया मालिक? कितने में हुई डील?
भारत सरकार ने X से मांगा स्पष्टीकरण
सरकार ने X को निर्देश दिया है कि वह अपने इस कदम पर स्पष्टीकरण दे और जब मामला अब प्रासंगिक नहीं रहा, तो सेंसरशिप हटाई जाए। वर्तमान में रॉयटर्स के दो आधिकारिक अकाउंट मुख्य और वर्ल्ड हैंडल भारत में ब्लॉक हैं, जबकि Reuters Tech News, Reuters Fact Check और Reuters Asia जैसे अन्य अकाउंट्स अभी भी उपलब्ध हैं। ब्रिटेन स्थित अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने इस पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की है। X के अनुसार, किसी अकाउंट या पोस्ट को कानूनी मांगों, जैसे अदालत के आदेश या स्थानीय कानूनों के अनुरूप ही ब्लॉक किया जाता है।
ये भी पढ़ें अब बकवास कंटेंट की छुट्टी, X पर स्पैम और बॉट्स से निपटेगा AI, सोशल मीडिया पर क्लीनअप शुरू












Click it and Unblock the Notifications