कौन हैं भारत में चीन के नए राजदूत शुई फीहॉन्ग? शी जिनपिंग ने 18 महीने बाद किया नियुक्त
चीन ने आखिरकार डेढ़ साल के बाद भारत में नया राजदूत नियुक्त कर दिया है। चीन के विदेश मंत्रालय ने पीटीआई समाचार एजेंसी को इसकी पुष्टि की है। बता दें कि पूर्वी लद्दाख में सैन्य गतिरोध के बाद से दोनों देशों के बीच रिश्तों में खटास पैदा हो गई थी।
अब 18 महीने के बाद चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने शुई फ़ीहॉन्ग को भारत में नया राजदूत बनाकर कुछ अलग संकेत दिया है। फ़ीहॉन्ग, सुन वेइडोंग की जगह लेंगे जो चीन में अभी उप विदेश मंत्री का पद संभाल रहे हैं।

अक्टूबर 2022 में सुन वेईडोंग ने भारत में चीन के राजदूत के रूप में अपना कार्यकाल खत्म किया था। भारत से पहले वेईडोंग पाकिस्तान में चीन के राजदूत रहे हैं। बताया जा रहा है कि 60 वर्ष शुई फ़ीहॉन्ग जल्द ही दिल्ली का दौरा कर सकते हैं।
चीन की ओर से अभी तक शुई फ़ीहॉन्ग की नियुक्त की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। हालांकि ये लगभग तय है कि अफगानिस्तान और रोमानिया के पूर्व राजदूत रह चुके फेइहोंग अब भारत में चीन के राजदूत होंगे।
फेइहोंग की नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब भारत में आम चुनाव हो रहे हैं और लंबे समय से चल रहे सैन्य गतिरोध को दूर करने के लिए दोनों देशों के बीच सैन्य और राजनयिक स्तर पर दीर्घकालिक वार्ता चल रही है। सैन्य गतिरोध को दूर करने के लिए अब तक कोर कमांडर स्तर की 21 दौर की वार्ता हो चुकी है।
शुई फ़ीहॉन्ग कौन है?
60 वर्षीय शुई फ़ीहॉन्ग विदेश मंत्रालय में वित्तीय और प्रशासनिक मामलों के सहायक मंत्री के रूप में कार्यरत हैं। वे चीनी राजनयिक के रूप में 37 वर्षों से सेवाएं दे रहे हैं। शुई 2010 से 2013 तक अफगानिस्तान में राजदूत रह चुके हैं। इसके बाद वे 2015 से 2018 तक रोमानिया में भी अपनी सेवाएं देते रहे।
शुई फीहॉन्ग की ज्यादातर पोस्टिंग पश्चिमी देशों में रही है। वे फिनलैंड से लेकर ऑस्ट्रेलिया तक और यूरोप में अपने देश का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications