कौन हैं हसन अली की भारतीय पत्नी शामिया आरजू? जिन्हें पाकिस्तानी बता रहे हार के लिए जिम्मेदार 'जासूस'
हसन अली के अलावा शोएब मलिक और जहीर अब्बास जैसे क्रिकेटरों ने भी भारतीय लड़कियों से शादी की थी और इस वक्त सानिया मिर्जा को भी ट्विटर पर ट्रोल किया जा रहा है।
इस्लामाबाद, नवंबर 12: टी-20 क्रिकेट विश्वकप में पाकिस्तान की करारी हार के बाद पाकिस्तान में क्रिकेट फैंस घटिपन पर उतर आए हैं और अपने ही खिलाड़ियों को बुरी तरह से ट्रोल कर रहे हैं। सबसे ज्यादा गुस्सा पाकिस्तानी क्रिकेट फैंस का खिलाड़ी हसन अली पर फूट रहा है और उनकी पत्नी पर काफी ज्यादा व्यक्तिगत हमले किए जा रहे हैं। चूंकी उनकी पत्नी भारतीय हैं, लिहाजा पाकिस्तान के क्रिकेट फैंस उन्हें हार के लिए जिम्मेदार बता रहे हैं। आखिर पाकिस्तान के अंदर हसन अली की पत्नी को भारतीय 'जासूस' क्यों कहा जा रहा है और हसन हली की पत्नी कौन हैं, आइये जानते हैं?

निशाने पर हसन अली की पत्नी
हसन अली की पत्नी का नाम शामिया आरजू है और वो भारत की रहने वाली हैं। जिस तरह से भारत को मिली हार के बाद भारतीय खिलाड़ी विराट कोहली और मोहम्मद शमी को ट्रोल किया गया था, ठीक उसी तरह से हसन अली और उनके परिवार को भी निशाना बनाया जा रहा है। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हसन अली की भारतीय पत्नी शामिया आरजू को जमकर निशाना बनाया जा रहा है, जिसको लेकर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर्स ने भारी ऐतराज जताया है। पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर वसीम अकरम ने हसन अली की पत्नी को गंदी-गंदी गालियां देने वालों की जमकर लताड़ लगाई है और कहा है कि, लोगों से ऐसी घटिया हरकत करने की उम्मीद नहीं थी।

कौन हैं हसन अली की पत्नी?
हसन अली की पत्नी शामिया आरजू भारत की रहने वाली हैं और 2019 में उन्होंने हसन अली से दुबई में शादी रचाई थी। उस वक्त हसन अली काफी अच्छा क्रिकेट खेल रहे थे और उनकी तुलना पाकिस्तान के महान गेंदबाज वसीम अकरम से की जा रही थी, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने अपनी रफ्तार और अपना स्विंग खो दिया। 2019 विश्वकप से पहले उन्होंने भारतीय क्रिकेटर रोहित शर्मा को जल्द ऑउट करने का दावा किया था, लेकिन मैच के दौरान रोहित शर्मा ने हसन अली की जमकर खबर ली थी। हसन अली की पत्नी शामिया आरजू इंजीनियर हैं और उन्होंने एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग में पढ़ाई की है। शामिया आरजू के साथ साथ पाकिस्तान के एक और खिलाड़ी शोएब मलिक की भारतीय पत्नी सानिया मिर्जा को भी ट्रोल किया जा रहा है।

शामिया आरजू को कहा इंडियन जासूस
कुछ पाकिस्तानी क्रिकेट प्रेमियों ने ट्वीटर पर दावा करना शुरू कर दिया है कि हसन अली की पत्नी शामिया आरजू इंडियन जासूस हैं और हसन अली ने मैच को फिक्स कर दिया था। पाकिस्तानी क्रिकेट प्रेमी हसन अली को मैच फिक्सर कह रहे हैं। शामिया आरजू फिलहाल एयर अमीरात में फ्लाइट इंजीनियर के तौर पर कार्यरत हैं। वह हरियाणा के पलवल जिले के चांदनी गांव की रहने वाली हैं। उनके पिता लियाकत अली हरियाणा सरकार में रिटायर्ड खंड विकास अधिकारी हैं। शामिया आरजू ने हरियाणा के फरीदाबाद में शुरूआती पढ़ाई-लिखाई की है और करीब 15 सालों तक उनका परिवार फरीदाबाद में रहा।

फरीदाबाद में ही की इंजीनियरिंग
हसन अली की पत्नी शामिया आरजू ने हरियाणा के निजी इंजीनियरिंग कॉलेज से एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। एक वेबसाइट की रिपोर्ट के मुताबिक, जब शामिया आरजू ने पाकिस्तानी क्रिकेटर हसन अली से शादी करने की बात अपने परिवार में की तो उनके परिवार के लोग शादी के लिए तैयार हो गये। एक वेबसाइट से बात करते हुए शामिया आरजू के पिता ने कहा था कि, ''उनके परिवार के कुछ सदस्य पड़ोसी देश में भी बस गए थे। मेरे परदादा के भाई विभाजन के दौरान पाकिस्तान चले गए थे और परिवार का वह पक्ष तब से वहीं रह रहा है। हम वर्षों से उनके संपर्क में हैं, इसलिए हम जानते हैं कि उनका वहां भी परिवार है।''

2019 में हुई थी शादी
पाकिस्तानी क्रिकेटर हसन अली और शामिया आरजू ने 20 दिसंबर 2019 को दुबई के पाम जुमेराह के अटलांटिस होटल में शादी की, जिसमें दोनों के परिवार के अलावा कुछ करीबी दोस्तों ने हिस्सा लिया था। हालांकि, शामिया आरजू ने भले ही पाकिस्तानी क्रिकेटर से शादी की हो, लेकिन अभी भी उनका दिल भारत के लिए ही धड़कता है और उनका पसंदीदा क्रिकेट खिलाड़ी विराट कोहली ही हैं।

अब दुबई में रहता है परिवार
अब सामिया आरजू का परिवार दुबई में रहता है और परिवार के कुछ सदस्य दिल्ली में रहते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, शामिया आरजू और क्रिकेटर हसन अली की शादी उनके परदादा के परिवार के जरिए हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक, हसन अली और शामिया आरजू की मुलाकात एक डिनर के दौरान हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications