Wang Yi in India: भारत के बाद पाकिस्तान क्यों जा रहे चीनी विदेश मंत्री वांग यी? शहबाज से होगी मुलाकात
Wang Yi in India: चीनी विदेश मंत्री वांग यी सोमवार से दो दिवसीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंच रहे हैं। उनकी इस भारत यात्रा के तुरंत बाद वे पाकिस्तान का भी दौरा करेंगे, जो 21 अगस्त को इस्लामाबाद से शुरू होगा। उनककी इस यात्रा में कई एजेंडों का शामिल होना संभावित है।
इस्लामाबाद में, वांग यी पाकिस्तान-चीन रणनीतिक वार्ता में अपने देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस दौरान उनकी मुलाकात पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और देश के सैन्य नेतृत्व से भी होगी। इन बैठकों का एजेंडा चीन-पाक रक्षा संबंधों और द्विपक्षीय सहयोग के कई अन्य पहलुओं पर केंद्रित रहेगा।

भारत-पाक के मौजूदा तनाव पर नजर
मीडिया सूत्रों की मानें तो चीनी विदेश मंत्री द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा के साथ-साथ क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर भी चर्चा करेंगे। मौजूदा जियो-पॉलिटिकल परिस्थितियों को देखते हुए, दोनों पक्ष सहयोग को और गहरा करने के तरीकों पर विचार कर सकते हैं। हाल के महीनों में चीन और पाकिस्तान के बीच उच्च-स्तरीय संपर्क बढ़े हैं।
शरीफ जाएंगे बीजिंग!
वांग यी की यात्रा के दौरान, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की आगामी चीन यात्रा के एजेंडे को भी अंतिम रूप दिया जाएगा। शरीफ के इस महीने के अंत में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में भाग लेने और चीनी नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय बैठकें करने के लिए बीजिंग जाने की संभावना है।
यह एससीओ शिखर सम्मेलन चीन के तियानजिन में 31 अगस्त से 1 सितंबर तक आयोजित होगा, जिसकी मेजबानी शी जिनपिंग करेंगे। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने चीन जाएंगे।
क्या पाक को फायदा देगा चीन?
चीनी विदेश मंत्री की यह पाकिस्तान यात्रा कई मायनों में महत्वपूर्ण है, खासकर मई में हुए भारत-पाकिस्तान सैन्य संघर्ष और पाकिस्तान तथा अमेरिका के बीच बढ़ती निकटता की पृष्ठभूमि में। हालांकि चीन इस संघर्ष में सीधे तौर पर शामिल नहीं था, कुछ रिपोर्टों में संकेत दिया गया था कि बीजिंग से पाकिस्तानी सेना को समर्थन मिला था।
अमेरिका के चलते चीन से ब्रेकअप?
चीन और पाकिस्तान पारंपरिक रूप से एक-दूसरे को 'सदाबहार दोस्त' कहते हैं। हालांकि, हाल के समय में पाकिस्तान ने अमेरिका के साथ अपने संबंधों को मजबूत किया है, जिससे यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि पाकिस्तान की चीन से दूरी बढ़ सकती है। ऐसे में, वांग यी की यात्रा के दौरान पाकिस्तान अमेरिका के साथ अपने संबंधों पर चीन को स्पष्टीकरण दे सकता है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications