कोरोना संक्रमित बेटे को मां ने कर दिया था कार की डिक्की में बंद, लोगों ने बचाई बच्चे की जान
अमेरिका में बढ़ते कोरोना के मामलों की वजह से कई स्कूलों ने अपनी छुट्टियों को आगे बढ़ा दिया है, कई स्कूलों ने फिर से ऑनलाइन पढ़ाई शुरू करा दी है।
वॉशिंगटन, जनवरी 08: अमेरिका के टेक्सास में एक कलयुगी मां को गिरफ्तार किया गया है, जिसने अपने कोरोना पॉजिटिव बच्चे की जिंदगी खतरे में डाल दी थी। टेक्सास की रहने वाली महिला ने खुद को कोरोना वायरस से बचाने के लिए अपने बेटे को कार की डिक्की में बंद कर दिया था, जिसके बाद अब महिला को गिरफ्तार किया गया है।

बेटा था कोरोना वायरस पॉजिटिव
टेक्सास की स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक 41 साल की महिला, जिसका नाम सारा बीम है, उसने अपने कोरोना पॉजिटिव बेटे को कार की डिक्की में बंद कर दिया था। ये मामला 3 जनवरी का बताया जा रहा है, जब हैरिस काउंटी में ड्राइव-थ्रू टेस्टिंग साइट पर ये महिला पहुंची थी। घटना के चश्मदीद ने क्लिक2ह्यूस्टन डॉट कॉम को बताया कि, उसके कार की डिक्की के अंदर से किसी के हल्ला करने की आवाजें सुनीं और कार की डिक्की पर ऐसा लग रहा था, कि कोई अंदर से खोलने की कोशिश कर रहा हैस जिसके बाद उसने जबरन कार की डिक्की खुलवाई और अंदर बच्चे की स्थिति को देखकर हर कोई हैरान रह गया।

13 साल का है लड़का
Click2houston.com के अनुसार, बीम ने अधिकारियों को बताया कि महिला ने अपने 13 साल बेटे को कार की डिक्की के अंदर बंद कर दिया था, क्योंकि वो कोरोना वायरस संक्रमित था और महिला खुद को वायरस से बचाना चाहती थी। रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी टीचर अपने बेटे तो कोरोना वायरस टेस्ट के लिए परीक्षण केन्द्र लेकर जा रही थी। और केटीआरके-टीवी के अनुसार, साइट पर एक स्वास्थ्य कार्यकर्ता ने कथित तौर पर महिला बीम से कहा था कि, जब तक वो अपने बच्चे को कार कि पिछली सीट पर नहीं बिठाती है, तब तक उसका कोविड टेस्ट नहीं किया जाएगा। वहीं, साइ-फेयर आईएसडी पुलिस विभाग ने एक बयान में कहा है कि, "सीएफपीडी को सतर्क किया गया था कि एक बच्चे इस सप्ताह के शुरू में ड्राइव-थ्रू कोविड -19 परीक्षण स्थल पर एक कार की डिक्की में बंद कर दिया गया था। जिसके बाद महिला को गिरफ्तार किया गया है।" पुलिस ने कहा है कि, बच्चे को कोई नुकसान नहीं हुआ है।

टेक्सास में कोरोना का आतंक
अमेरिका में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। हर रोज जिस तरह से लाखों मामले सामने आ रहे हैं उसने लोगों की चिंता को बढ़ा दिया है। सोमवार को अमेरिका में सर्वाधिक कोरोना के मामले सामने आए हैं जोकि अपने आप में एक विश्व रिकॉर्ड भी है। रिपोर्ट के अनुसार सोमवार को अमेरिका में एक दिन के भीतर 10 लाख से अधिक कोरोना के मामले सामने आए हैं। रविवार को अमेरिका में कोरोना के तकरीबन 5.9 लाख मामले सामने आए थे जबकि सोमवार को यह आंकड़ा लगभग दोगुना हो गया। कोरोना के रिकॉर्ड मामलों की वजह से अमेरिका में स्कूल, कॉलेज वगैरह बंद हैं, कई विमान भी रद्द कर दिए गए हैं।

अमेरिका में कोरोना से हड़कंप
अमेरिका में बढ़ते कोरोना के मामलों की वजह से कई स्कूलों ने अपनी छुट्टियों को आगे बढ़ा दिया है, कई स्कूलों ने फिर से ऑनलाइन पढ़ाई शुरू करा दी है। वहीं कुछ स्कूलों में व्यक्तिगत क्लास जल रही है। वहीं रविवार को अमेरिका की 4000 फ्लाइट को रद्द कर दिया गया था। ये घरेलू और अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट दोनों हैं। वहीं रविवार को 4519 विमानों की उड़ान में देरी हुई। अमेरिका में 30 दिसंबर को 5.8 लाख कोरोना के मामले सामने आए थे। उसके बाद से लगातार कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की वजह से संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। अमेरिका के साथ यूरोप के कई देशों में भी कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। जबकि भारत में भी संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है, जिसके चलते कई प्रदेश में रात्रि कर्फ्यू, साप्ताहिक लॉकडाउन लगाया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications