लाल सागर बना जंग का नया मैदान, हूती विद्रोहियों से लड़ रहा अमेरिका, दर्जनों मिसाइल और ड्रोन मार गिराए
Houthi's drone and missile strikes in red sea: गाजा पट्टी में इजराइल की भारी बमबारी के बीच अब लाल सागर जंग का नया मैदान बन गया है, जहां अमेरिका की सेना पूरी ताकत के साथ हूती विद्रोहियों के ड्रोन और मिसाइलों को गिराने में व्यस्त है।
लाल सागर में हमलों की एक श्रृंखला के बीच, संयुक्त राज्य अमेरिका के रक्षा बलों ने हूती विद्रोहियों द्वारा दागे गए एक दर्जन से ज्यादा ड्रोन हमलों और कई मिसाइलों को मार गिराया।

पेंटागन के सेंट्रल कमांड के मुताबिक, क्षेत्र में जहाजों को कोई नुकसान नहीं हुआ या किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। बयान में कहा गया है, कि 10 घंटे की अवधि में एक दर्जन से ज्यादा ड्रोन, कम से कम तीन जहाज-रोधी बैलिस्टिक मिसाइलें और दो जमीन पर हमला करने वाली मिसाइलों को मार गिराया गया है।
लाल सागर बना जंग का मैदान
पेंटागन के सेंट्रल कमांड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बयान जारी करते हुए कहा है, कि "आइजनहावर कैरियर स्ट्राइक ग्रुप के यूएसएस लैबून (डीडीजी 58) और एफ/ए-18 सुपर हॉर्नेट्स सहित अमेरिकी परिसंपत्तियों ने बारह एक-तरफ़ा हमले वाले ड्रोन, तीन एंटी-शिप बैलिस्टिक मिसाइलों और दो भूमि हमले क्रूज मिसाइलों को मार गिराया है।"
बयान में आगे कहा गया है, कि "दक्षिणी लाल सागर में हूती विद्रोहियों ने 10 घंटे की अवधि में भारी गोलीबारी की, जो 26 दिसंबर को सुबह लगभग 6:30 बजे (सना समय) शुरू हुई। क्षेत्र में जहाजों को कोई नुकसान नहीं हुआ या किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।"
यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने पिछले महीने की शुरुआत में लाल सागर में भारत जा रहे एक शिपिंग जहाज का अपहरण कर लिया था, जिसके बाद से समुद्री जहाजों की सुरक्षा संकट में आ गई थी। विशेष रूप से, तेहरान के सहयोगी हूती विद्रोही, फिलिस्तीन के समर्थन में इज़राइल पर लंबी दूरी की मिसाइल और ड्रोन हमले कर रहे हैं।
ईरान के अल-अरबिया न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, हूती नेता ने कहा है, कि उनकी सेनाएं इजरायल पर और हमले करेंगी और वे लाल सागर और बाब अल-मंडेब जलडमरूमध्य में इजरायली जहाजों को निशाना बना सकते हैं।
हालांकि, ईरान ने दावों को खारिज कर दिया और कहा, कि यह यमन के हूती विद्रोहियों का यह एक स्वतंत्र काम है, जिसमें ईरान शामिल नहीं है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नासिर कनानी ने आरोप लगाया है, कि मौजूदा संकट को लेकर इजराइल ईरान की तरफ दुनिया का ध्यान भटकाना चाहता है।
हालांकि, ईरान के इनकार के बावजूद, लाल सागर से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाज पर हमलों की झड़ी लग गई है। जिससे कुछ शिपिंग दिग्गजों को अपने ऑर्डर रद्द करने पड़े हैं।
पेंटागन ने दावा किया है, कि विद्रोहियों ने 35 से ज्यादा देशों के 10 व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाकर 100 से ज्यादा ड्रोन और मिसाइल हमले किए हैं। इसने बाइडेन प्रशासन को लाल सागर में शिपिंग की सुरक्षा के लिए एक बहुराष्ट्रीय नौसैनिक टास्क फोर्स स्थापित करने के लिए प्रेरित किया है।
वहीं, अरब सागर में भी गुजरात जा रहे जहाज को निशाना बनाया गया है, जिसको लेकर भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कड़ी चेतावनी दी है और उन्होंने कहा, कि हमलावरों को पाताल से भी खोजकर बाहर निकाला जाएगा। इसके अलावा, इंडियन नेवी ने व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा के लिए अपने तीन युद्धपोतों को अरब सागर में तैनात कर दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications