अमेरिकी चुनाव: बाइडेन कैंप की तरफ से दी गई डोनाल्ड ट्रंप को धमकी, खाली नहीं किया तो व्हाइट हाउस से बाहर 'फेंक' देंगे
वॉशिंगटन। अमेरिका में चुनाव के नतीजे आने के बाद माहौल तनावपूर्ण है। एक तरफ रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस छोड़ने के तैयार नहीं हैं तो दूसरी तरफ डेमोक्रेट जो बाइडेन के कैंपेन की तरफ अब उन्हें चेतावनी दी जाने लगी है। ट्रंप ने जब इस बात का ऐलान किया कि अभी चुनाव खत्म नहीं हुए हैं तो बाइडेन कैंपेन की तरफ से धमकी दी गई कि सरकार ऐसे लोगों को बाहर फेंक सकती है जो अनाधिकारिक तौर पर व्हाइट हाउस में बसे हुए हैं।

ट्रंप ने कहा, नहीं छोड़ूंगा व्हाइट हाउस
राष्ट्रपति ट्रंप की तरफ से बिना किसी सुबूत के लगातार आरोप लगाए जो रहे हैं कि वोटिंग में धोखाधड़ी हुई है। ट्रंप कैंपेन की तरफ से कहा गया है कि जॉर्जिया, नवादा और पेंसिलवेनिया में चुनावों में धांधली हुई है। जो बाइडन के चुनाव अभियान के प्रवक्ता एंड्र्यू बेट्स ने कहा, 'जैसा कि हमने 19 जुलाई को कहा था, अमेरिकी जनता इस चुनाव का फैसला करेगी। अमेरिका की सरकार ट्रेसपासर्स (अतिचारियों) को व्हाइट हाउस से बाहर निकालने में पूरी तरह सक्षम है।' गौरतलब है कि जुलाई में फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में डोनाल्ड ट्रंप ने हार के बाद सत्ता के शांतिपूर्ण हस्तातंतरण से इनकार कर दिया था। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने करीबियों को बताया है कि अगर उनकी जीत के रास्ते बंद भी हो जाते हैं तो भी वह व्हाइट हाउस नहीं छोड़ेंगे।
फेयरवेल स्पीच तक नहीं तैयार
शुक्रवार को अपने एक बयान के साथ ही रिपब्लिकन ट्रंप ने इस तरफ इशारा कर दिया है। ट्रंप ने अभी तक अपनी वह स्पीच तैयार नहीं की है जिसमें वह हार को स्वीकारने की बात कहते हुए नजर आएंगे। सूत्रों की मानें तो ट्रंप ने व्हाइट हाउस छोड़ने की कोई भी इच्छा जाहिर नहीं की है। ट्रंप की इस इच्छा को उनके करीबियों और उनके बेटों का भी समर्थन मिल रहा है। साथ ही उनके सलाहकार भी लगातार उन्हें उकसाने में लगे हुए हैं। इस बीच ट्रंप ने चेतावनी दे डाली है कि जो कानूनी लड़ाई उन्होंने छेड़ी है, वह तो एक शुरुआत भर है। ट्रंप के मुताबिक उनके डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंदी जो बाइडेन को वह गलत तरीके से राष्ट्रपति का ऑफिस हासिल नहीं करने देंगे।












Click it and Unblock the Notifications