US Election 2020: जो बाइडेन को कई बार बहाने पड़े आंसू, पत्नी और बेटी के बाद बेटे को भी खोया
नई दिल्ली। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान जारी है, कुछ घंटों के बाद दुनिया के सामने संयुक्त राज्य अमेरिका का नया राष्ट्रपति होगा। शुरुआती एग्जिट पोल में वर्तमान के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जो बाइडेन से पीछे नजर आ रहे हैं। ऐसी उम्मीदें जताई जा रही हैं कि अगली सुबह तक दुनिया को जो बाइडेन के रूप में नया अमेरिकी राष्ट्रपति मिलेगा। जो बाइडेन की मिल रहे समर्थन के पीछे कहीं न कहीं अमेरिका की जनता का इमोशनल सपोर्ट भी माना जा रहा है।

दुखों से भरा रहा है जो बाइडेन का जीवन
अक्सर चेहरे पर मुस्कान लिए राष्ट्रपति उम्मीदवार जो बाइडेन का निजी जीवन पहाड़ जैसे दुखों से भरा हुआ है। डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता बाइडेन एक कार हादसे में अपनी पहली पत्नी, बेटी और बेटे को खो चुके हैं। उनकी दर्दभरी कहानी सुन हर कोई भावुक हो जाता है। दरअसल बात 1972 की है, यह हादसा उस समय हुआ जब बाइडेन अमेरिकी सीनेट का चुनाव जीतकर शपथ लेने की तैयारी कर रहे थे, ठीक उसी समय उनकी पहली पत्नी नीलिया और बेटी नाओमी की एक कार एक्सिडेंट में दर्दनाक मौत हो गई थी।

सिंगल फादर बनकर बच्चों को पाला
इस हादसे में उनके दोनों बेटे ब्यू और हंटर भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पत्नी और बेटी की मौत के गम ने बाइडेन को पूरी तरह से तोड़कर रख दिया। इस बीच उन्होंने खुद को संभाला और अपने दोनों बेटों को सिंगल फादर की तरह पाला। उस दौरान जो बाइडेन अपने दोनों बच्चों को देखने के लिए विलमिंगटन और वॉशिंगटन डीसी के बीच रोजना एमट्रैक ट्रेन से यात्रा किया करते थे। इसके बाद वह 'एमट्रैक जो' नाम से भी लोकप्रिय हो गए थे।

ऐसे मिली 13 माह की बेटी और पत्नी की मौत की खबर
पत्नी और बेटी के निधन की खबर को याद करते हुए बाइडेन बताते हैं कि सीनेट के लिए चुने जाने के कुछ हफ्तों के बाद मैं वॉशिंगटन डीसी में अपने ऑफिस में काम कर रहा था। उस दिन मैं लोगों की फरियाद सुन रहा था, तभी मेरे पास एक कॉल आता है कि मेरी पत्नी और 13 माह की बेटी अब इस दुनिया में नहीं रहे। मुझे बताया गया कि वह क्रिसमस की खरीदारी करने के लिए निकले थे और रास्ते में ही एक सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई। इसी तरह पांस साल तक जो बाइडेन ने अपने दोनों बच्चों को पाला, हालांकि इसके बाद बाइडेन को एक और बड़ा झटका लगना बाकि था।

2015 में बेटे की भी हो गई मौत
साल 2015 में उन्होंने अपने बेटे ब्यू को भी खो दिया। 46 साल की उम्र में ब्यू की ब्रेन कैंसर के चलते मौत हो गई थी। वहीं उनके छोटे बेटे का नाम कई बार विवादों से जुड़ चुका है। बाइडेन के छोटे बेटे हंटर का करियर वकील और लॉबिस्ट के रूप में भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरा रहा है। अपनी पहली पत्नी की मौत के पांच साल बात बाइडेन ने जिल से शादी कर ली थी, उससे उन्हें एश्ली नाम की बेटी हुई जिसका जन्म 1981 में हुआ था।
यह भी पढ़ें: US Election 2020: अगर सही साबित हुए सारे सर्वे तो ट्रंप नहीं, बाइडेन हैं अमेरिका के अगले राष्ट्रपति!












Click it and Unblock the Notifications