Donald Trump मियामी की कोर्ट में पहुंचे, गोपनीय दस्तावेज मामले में आपराधिक आरोप पर बहस
Donald Trump के खिलाफ अमेरिकी अदालतों में कानूनी कार्रवाई तेजी से हो रही है। मियामी की अदालत में पहुंचे पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ 37 मामलों में अभियोग लगाया जा चुका है।
कोर्ट में आज की कार्यवाही (भारतीय समयानुसार 13 जून) के दौरान ट्रंप के खिलाफ गोपनीय दस्तावेज मामले में आपराधिक मामलों पर बहस होगी। समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार क्रिमिनल चार्ज का सामना करने के लिए ट्रंप कोर्ट परिसर में आ चुके हैं।

बता दें कि राष्ट्रपति ट्रंप पर आरोप है कि उन्होंने कई अहम और गोपनीय दस्तावेजों को अपने अधिकार क्षेत्र के बाहर जाकर अनाधिकृत लोगों को दिखाए। इसमें अमेरिकी डिफेंस नीति जैसे संवेदनशील डॉक्यूमेंट भी शामिल हैं।
न्यू यॉर्क पोस्ट ने बताया कि पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गोपनीय दस्तावेजों के कथित गलत संचालन से संबंधित सभी 37 आरोपों में दोषी नहीं होने की दलीलें दीं। मियामी में संघीय अदालत में पेश हुए ट्रंप को हिरासत में लिया गया। बाद में बहस पूरी होने पर वे कोर्ट से निकल गए।
सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को (अमेरिकी समयानुसार) सुनवाई के दौरान मजिस्ट्रेट जज जोनाथन गुडमैन ने फैसला सुनाया कि ट्रंप अपने सहयोगी वॉल्ट नौटा से इस मामले के बारे में बात नहीं कर सकते। न्यायाधीश ने अभियोजकों को संभावित गवाहों की एक सूची तैयार करने के लिए भी कहा, जिनके साथ पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प सीधा संपर्क नहीं कर सकते। हालांकि, उनके वकील मामले के संबंध में गवाहों से बात कर सकते हैं।
न्यायाधीश ने प्रतिवादियों पर यात्रा प्रतिबंध नहीं लगाया। मियामी में संघीय कोर्ट हाउस में सुनवाई के दौरान ट्रम्प के वकीलों ने ज्यूरी ट्रायल की अपील की। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रम्प के वकील ने कहा, "हम निश्चित रूप से दोषी नहीं होने की दलील देते हैं।"
ट्रम्प के सहयोगी और सह-प्रतिवादी वॉल्ट नौटा को भी गिरफ्तार कर उनके फ़िंगरप्रिंट प्रोसेस किए गए। नौटा की मंगलवार को कोर्ट में प्रारंभिक पेशी हुई थी। हालांकि, उन्हें 27 जून तक हिरासत में कोर्ट में पेश नहीं किया जाएगा।
अमेरिकी न्याय विभाग ने सुझाव दिया कि ट्रम्प और नौटा दोनों को बिना किसी वित्तीय या विशेष शर्तों के रिहा किया जाए। सुनवाई के दौरान, अभियोजक डेविड हारबैक ने कहा कि सरकार को यकीन है कि प्रतिवादी फरार नहीं होंगे।
मजिस्ट्रेट न्यायाधीश जोनाथन गुडमैन की कोर्ट में अभियोग की सुनवाई से पहले, डिप्टी मार्शलों ने ट्रम्प को बुक किया और उनकी उंगलियों के निशान की इलेक्ट्रॉनिक प्रतियां लीं। अधिकारियों ने ट्रंप की तस्वीर नहीं ली क्योंकि वह आसानी से पहचाने जा सकते हैं। बुकिंग की प्रक्रिया करीब 10 मिनट तक चली।
सीएनएन ने बताया कि डोनाल्ड ट्रम्प पर 37 आपराधिक मामलों में आरोप लगे हैं। आरोप हैं कि उन्होंने अवैध रूप से राष्ट्रीय रक्षा जानकारी को प्रेसिडेंट ऑफिस छोड़ने के बावजूद अपने साथ रखा। उन पर अमेरिकी न्याय विभाग की जांच में गवाह-छेड़छाड़ कानूनों का उल्लंघन करने वाले दस्तावेजों को छिपाने का भी आरोप है।
अभियोग में ट्रम्प के सहयोगी वॉल्ट नौटा पर भी आरोप लगाया गया है जिसमें आरोप लगाया गया है कि दो लोग संघीय जांच में बाधा डालने की साजिश में शामिल थे। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, अदालत जाने से पहले, ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा, कि यह "हमारे देश के इतिहास में सबसे दुखद दिनों में से एक था।"
अदालती सुनवाई के बाद, ट्रम्प मियामी में क्यूबा के एक रेस्तरां में भी रुके। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति रेस्तरां में अपने दर्जनों समर्थकों से घिरे दिखे और उन्होंने उनका अभिवादन भी किया।
लोगों ने उनके साथ तस्वीरें भी क्लिक कराईं। रेस्त्रां में मौजूद लोगों के तालियां बजाने पर ट्रंप ने 'सबके लिए खाना ऑर्डर किया। कुछ समर्थकों ने "जन्मदिन मुबारक" भी कहा। बता दें कि 14 जून को ट्रंप का बर्थडे होता है।












Click it and Unblock the Notifications