युद्ध तो पिछले साल ही खत्म हो चुका होता, अगर... यूक्रेनी सांसद का विस्फोटक बयान, अमेरिका है फसाद की जड़?
Ukraine War News: एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की के संसदीय गुट के प्रमुख डेविड अराखामिया ने कहा है, कि अगर यूक्रेन तटस्थ रहने पर सहमत हो जाता, तो रूस लड़ाई रोकने के लिए तैयार हो चुका था, लेकिन पश्चिम ने कीव को युद्ध जारी रखने की सलाह दी थी।
यूक्रेनी सांसद का ये बयान चौंकाने वाला है और इससे उन आरोपों को पुष्टि होती है, जिसमें कहा गया है, कि वो अमेरिका है, जो नहीं चाहता, कि यूक्रेन में युद्ध खत्म हो, क्योंकि युद्ध जितना लंबा चलेगा, रूस उतना ज्यादा कमजोर होगा।

अमेरिका-जेसेंस्की फसाद की जड़
राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की के संसदीय गुट के प्रमुख - और इस्तांबुल में शांति वार्ता में मुख्य वार्ताकार डेविड अराखामिया ने रूस टुडे के हवाले से कहा है, कि अगर यूक्रेन तटस्थ रहने पर सहमत होता तो रूस लड़ाई रोकने के लिए तैयार था, लेकिन जैसा कि कहा जा रहा है, पश्चिम ने कीव को युद्ध जारी रहने की सलाह दी।
रूस टुडे के अनुसार, 'सर्वेंट ऑफ द पीपल' संसदीय समूह के प्रमुख अराखामिया ने टीवी चैनल 1+1 को बताया, कि मॉस्को ने मार्च 2022 में कीव को शांति समझौते की पेशकश की थी, लेकिन यूक्रेनी पक्ष ने मॉस्को पर भरोसा नहीं किया।
अराखामिया को रशिया टुडे को दिए इंटरव्यू में कहा, कि "रूस का लक्ष्य हम पर दबाव बनाना था, ताकि हम तटस्थता अपनाएं। यह उनके लिए मुख्य बात थी: यदि हम फिनलैंड की तरह तटस्थता स्वीकार करते हैं, तो वे युद्ध समाप्त करने के लिए तैयार थे। और हमें प्रतिबद्धता जताना था, कि हम नाटो में शामिल नहीं होंगे। यह मुख्य बात थी।"
इस बीच, रूसी अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा, कि यूक्रेन ने 21 महीने पहले रूस के आक्रमण के साथ शुरू हुए पूर्ण पैमाने के युद्ध के बाद से मास्को से जुड़े क्रीमिया प्रायद्वीप पर सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक किया है। हालांकि उन्होंने किसी के हताहत होने या क्षति का जिक्र नहीं किया है।
उसी समय, यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि क्रेमलिन की सेना ने पूर्वी यूक्रेन के रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण शहर अवदीवका पर हमला करने के अपने सप्ताह भर के और महंगे प्रयास को बढ़ा दिया है।
रूस और यूक्रेन के बीच की लड़ाई लगातार जारी है और जान-माल का नुकसान भी लगातार हो रहा है।
कब तक चलेगी रूस-यूक्रेन की लड़ाई?
इस साल जून में शुरू हुए यूक्रेन के जवाबी हमले के बावजूद किसी भी पक्ष ने युद्ध के मैदान में ज्यादा जमीनी बढ़त हासिल नहीं की है, और विश्लेषकों का अनुमान है कि युद्ध लंबा चलेगा। फरवरी 2024 में ये युद्ध 2 साल पुराना हो जाएगा।
वहीं, सर्दियों का मौसम शुरू होने के साथ, युद्ध के मैदान में बर्फ और जमा देने वाला तापमान आने के साथ, यूक्रेन और रूस ऐसी जमीन तलाश रहे हैं, जो भविष्य में आगे बढ़ने के लिए मंच प्रदान कर सके।
दक्षिणी यूक्रेन के खेरसॉन क्षेत्र के रूस के कब्जे वाले हिस्से के लिए मास्को द्वारा नियुक्त गवर्नर व्लादिमीर साल्डो ने कहा, कि यूक्रेन ने शुक्रवार तड़के क्रीमिया पर एक बड़ा ड्रोन हमला किया। उन्होंने दावा किया कि प्रांत और क्रीमिया के उत्तरी हिस्से में दर्जनों ड्रोन मार गिराए गए।
रूस ने 2014 में यूक्रेन से प्रायद्वीप पर कब्जा कर लिया था, और वो एक ऐसा कदम था, जिसे दुनिया के अधिकांश लोगों ने अवैध माना था। लेकिन, रूस ने इस लड़ाई में क्रीमिया को अपने मंच के तौर पर इस्तेमाल किया है।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा है, कि हवाई सुरक्षा ने क्रीमिया के ऊपर 13 यूक्रेनी ड्रोन और दक्षिणी रूस के वोल्गोग्राड क्षेत्र में तीन और ड्रोन गिराए। फिलहाल यूक्रेनी अधिकारियों ने रूसी रिपोर्टों पर कोई टिप्पणी नहीं की। किसी भी पक्ष के युद्धक्षेत्र के दावों को स्वतंत्र रूप से सत्यापित करना संभव नहीं है।
वहीं, रूस 10 अक्टूबर से भारी बमबारी करके और कथित तौर पर भारी नुकसान उठाकर यूक्रेन के अवदिवका शहर पर कब्ज़ा करने की कोशिश कर रहा है। हालांकि, शहर बर्बाद हो गया है, और यह लड़ाई पूर्वी यूक्रेन के बखमुत शहर पर लड़ाई की याद दिलाती है, जो नौ महीने की लड़ाई के दौरान काफी हद तक नष्ट हो गया था, हालांकि, रूसी सैनिकों ने अंततः इस पर कब्जा कर लिया था।












Click it and Unblock the Notifications