कीव में भारतीय फार्मा कंपनी के गोदाम पर रूसी हमला, यूक्रेन ने लगाया जानबूझकर निशाना बनाने का आरोप
Kyiv News: यूक्रेन की राजधानी कीव में स्थित भारतीय फार्मा कंपनी कुसुम हेल्थकेयर के गोदाम पर रूसी मिसाइल ने हमला किया है। यह दावा नई दिल्ली में स्थित यूक्रेनी दूतावास और ब्रिटेन के राजदूत द्वारा किया गया है। दूतावास की ओर से दावा किया कि मॉस्को ने नई दिल्ली के साथ 'विशेष मित्रता' होने के बावजूद जानबूझकर भारतीय व्यवसायों को निशाना बनाया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय और रूसी सरकारों ने अभी तक इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की है। इस बीच यूक्रेनी दूतावास ने एक्स पर दावा किया है कि, 'आज रूसी मिसाइल ने यूक्रेन में भारतीय दवा कंपनी कुसुम के गोदाम पर हमला किया। भारत के साथ 'विशेष मित्रता' का दावा करते हुए मॉस्को जानबूझकर भारतीय व्यवसायों को निशाना बना रहा है।'

आगे लिखा कि रूस बच्चों और बुजुर्गों के लिए बनाई गई दवाओं को नष्ट कर रहा है। घटना की पुष्टि करते हुए यूक्रेन में ब्रिटेन के राजदूत मार्टिन हैरिस ने कहा कि रूस के ड्रोन हमले में कीव स्थित एक प्रमुख फार्मा गोदाम पूरी तरह से नष्ट हो गया। उन्होंने ट्वीट किया, 'आज सुबह रूसी ड्रोन ने कीव में एक प्रमुख दवा गोदाम को पूरी तरह से नष्ट कर दिया।'
जिससे बुजुर्गों और बच्चों के लिए आवश्यक दवाओं का स्टॉक जलकर राख हो गया। यूक्रेनी नागरिकों के खिलाफ रूस का आतंक अभियान जारी है। हालांकि, ब्रिटिश राजदूत द्वारा साझा किए गए बयान में कंपनी का नाम नहीं लिया गया है, लेकिन यूक्रेनी सूत्रों ने पुष्टि की कि यह गोदाम भारतीय कंपनी कुसुम हेल्थकेयर का ही था।
अब तक भारत और रूस दोनों ही सरकारों की ओर से इस हमले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। भारत सरकार ने लगातार इस बात पर बल दिया है कि रूस-यूक्रेन संघर्ष का समाधान केवल संवाद और कूटनीति के ज़रिए ही संभव है। रूस और यूक्रेन के बीच हाल ही में ऊर्जा अवसंरचनाओं पर हमलों को रोकने के लिए एक अस्थायी समझौता हुआ था।
लेकिन दोनों ही पक्ष एक-दूसरे पर इस समझौते को तोड़ने के आरोप लगाते रहे हैं। रूस के रक्षा मंत्रालय ने भी दावा किया है कि यूक्रेन ने उनकी ऊर्जा संरचनाओं पर पांच हमले किए हैं। भारत की फार्मा कंपनियां यूक्रेन में वर्षों से सक्रिय हैं और वहां की स्वास्थ्य प्रणाली में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
ये भी पढ़ें: महंगा नहीं होगा IPhone! ट्रंप ने स्मार्टफोन-चिप्स पर टैरिफ पर दी छूट, टेक कंपनियों ने ली राहत की सांस












Click it and Unblock the Notifications