'आप बलिदान दे दीजिए और मुझे नया PM बनने दीजिए', बोरिस जॉनसन की ऋषि सुनक से अपील
पीएम पद की दौड़ में एक बड़ा नाम पेनी मॉर्डन्ट का भी है। लिज ट्रस के इस्तीफे के बाद पेनी मोर्डोंट भी प्रधानमंत्री बनने के लिए सट्टेबाजों की फेवरेट बनी हुईं हैं।
Britain News: ब्रिटेन में राजनीतिक संकट के बीच पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने प्रधानमंत्री की रेस में सबसे आगे चल रहे ऋषि सुनक से अपनी दावेदारी वापस लेने की अपील की है और उन्होंने इसके पीछे पार्टी हित का हवाला दिया है। ब्रिटिश मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बोरिस जॉनसन ने ऋषि सुनक से अपील की है, कि लिज ट्रस के इस्तीफा देने के बाद वो प्रधानमंत्री बनने की रेस से पीछे हट जाएं और उन्हें दोबारा देश का प्रधानमंत्री बनने दें। आपको बता दें कि, बोरिस जॉनसन जब प्रधानमंत्री थे, उस वक्त ऋषि सुनक देश के वित्तमंत्री हुआ करते थे और माना जाता है, ऋषि सुनक के 'विद्रोह' के बाद ही बोरिस जॉनसन को इस्तीफा देने के लिए मजबूर होना पड़ा था।

ऋषि सुनक से जॉनसन की अपील
कंजरवेटिव पार्टी नेतृत्व की रेस में ऋषि सुनक को हराने के बाद लिज ट्रस महज 45 दिन ही देश चला सकीं और टैक्स मुद्दे पर गलत फैसले लेने के बाद उठे विवाद के बीच उन्हें इस्तीफा देना पड़ा। वहीं, सत्तारूढ़ कंजर्वेटिव पार्टी के ज्यादातर सांसदों की पहली पसंद ऋषि सुनक हैं, वहीं सट्टेबाजों की भी पहली पसंद ऋषि सुनक ही हैं, लेकिन, द टेलीग्राफ की रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन अपनी कंजर्वेटिव पार्टी के सांसदों के बीच साल 2024 के आखिरी महीने में होने वाले आम चुनाव को मुद्दा बना रहे हैं और दावा कर रहे हैं, कि अगर कंजर्वेटिव पार्टी को फिर से सत्ता में वापसी करनी है, तो उन्हें फिर से प्रधानमंत्री बनाना होगा, अन्यथा पार्टी हार जाएगी। वहीं, विपक्षी दल, खासकर लेबर पार्टी अब मध्यावधि चुनाव की मांग कर रही है और सत्तारूढ़ कंजर्वेटिव पार्टी की लोकप्रियता में नुकसान होने का दावा कर रही है, जिसके पास फिलहाल प्रचंड बहुमत है।

अगले शुक्रवार तक आएगा फैसला
टेलीग्राफ की रिपोर्ट में कहा गया है कि, बोरिस जॉनसन एक बार फिर से ऋषि सुनक को मनाने की कोशिश कर रहे हैं और एक बार फिर से साथ मिलकर काम करने की बात कर रहे हैं। एक वक्त बोरिस जॉनसन और ऋषि सुनक के बीच काफी मजबूत संबंध रह चुके हैं, लिहाजा बोरिस जॉनसन अपनी 'दोस्ती' का हवाला दे रहे हैं। इस बीच पार्टी नेतृत्व का चुनाव अगले सप्ताह होने की संभावना है और शुक्रवार तक फैसला आने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री बनने की रेस में ऋषि सुनक के अलावा बोरिस जॉनसन और हाउस ऑफ कॉमन्स के नेता पेनी मोर्डौंट शामिल हैं। शुरुआत में यह पांच-तरफा लड़ाई थी, जिसमें रक्षा मंत्री बेन वालेस और वित्त मंत्री जेरेमी हंट भी शामिल थे, लेकिन बाद में वो दोनों पीछे हट गए हैं। वहीं, बेन वालेस को लेकर उम्मीद है, कि वो बोरिस जॉनसन का समर्थन कर सकते हैं।

सट्टेबाजों की नजर में ऋषि सबसे आगे
भारतीय मूल के ब्रिटिश नेता और अर्थशास्त्री ऋषि सुनक प्रधानमंत्री पद की रेस में सबसे आगे बताए जा रहे हैं। पिछली बार वो करीब 22 हजार वोटों से लिज ट्रस से हार गये थे, लेकिन अब लिज ट्रस के इस्तीफा देने की खबर के साथ सट्टेबाज पहले से ही इस बात की पेशकश कर रहे हैं कि अगला कौन होगा। स्काई न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, बेटफेयर ने अनुमान लगाया है कि, पूर्व चांसलर और वित्तमंत्री ऋषि सुनक 11/10 भाव के साथ सबसे पसंदीदा प्रधानमंत्री उम्मीदवार हैं। वहीं, उनके बाद उसके बाद पेनी मोर्डौंट का भाव 7/2 और बेन वालेस का भाव 8/1 है। रिपोर्ट में कहा गया है कि, एक और कंजर्वेटिव नेता जेरेमी हंट के भाव 9/1 हैं, लेकिन उनके प्रधानमंत्री पद की रेस में आने की संभावना नहीं हैा। जबकि, पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन और थेरेसा में का भाव क्रमशः 13/1 और 16/1 है। उनके बाद माइकल गोव का भाव 31/1, ग्रांट शाप्स का भाव 35/1 और सुएला ब्रेवरमैन 55/1 का भाव है।

पेनी मॉर्डन्ट भी प्रमुख दावेदार
वहीं, पीएम पद की दौड़ में एक बड़ा नाम पेनी मॉर्डन्ट का भी है। लिज ट्रस के इस्तीफे के बाद पेनी मोर्डोंट भी प्रधानमंत्री बनने के लिए सट्टेबाजों की फेवरेट बनी हुईं हैं। नेता पद के पिछले चुनाव में मॉर्डन्ट तीसरे नंबर पर रही थीं। जब चुनाव प्रक्रिया सांसदों के बीच चल रही थी, तब उन्हें 105 सांसदों का समर्थन मिला था। इसलिए इस बार मैदान में उतरने की पहली शर्त यानी 100 सांसदों का समर्थन पाने में वे सफल रहेंगी, ऐसा माना जा रहा है। मॉर्डन्ट पहले रक्षा मंत्री रह चुकी हैं और सुनक की तरह ही वह पार्टी के उदारवादी नेताओं में गिनी जाती हैं।












Click it and Unblock the Notifications