UK General Election:'मैं एक हिंदू हूं...': ब्रिटेन PM सुनक ने चुनाव से पहले नेसडेन मंदिर में टेका मत्था
UK General Election 2024: ब्रिटेन में आम चुनाव के मतदान में महज अब चार दिन ही शेष बचे हैं। कंजर्वेटिव पार्टी के नेतृत्व कर रहे प्रधानमंत्री ऋषि सुनक चुनाव प्रचार के अंतिम सप्ताहांत में लंदन के प्रतिष्ठित बीएपीएस श्री स्वामीनारायण मंदिर (नेसडेन मंदिर) पहुंचे। यहां उन्होंने पत्नी अक्षता मूर्ति के साथ प्रार्थना की।
शनिवार शाम दंपत्ति का काफिला भव्य मंदिर परिसर में पहुंचा, तो उनका भव्य स्वागत किया गया। पुजारियों के मार्गदर्शन में पूजा-अर्चना की गई। भव्य मंदिर परिसर का दौरा करने और स्वयंसेवकों और सामुदायिक नेताओं के साथ बातचीत की। उसके बाद, क्रिकेट प्रशंसक सुनक ने अपने संबोधन की शुरुआत भारत की टी20 विश्व कप जीत के संदर्भ से की, और फिर अपनी आस्था से मिलने वाली प्रेरणा के बारे में बताया।

'मैं एक हिंदू हूं...'
उन्होंने कहा कि मैं हिंदू हूं और आप सभी की तरह मुझे भी अपनी आस्था से प्रेरणा और सांत्वना मिलती है। मुझे 'भगवद गीता' पर संसद सदस्य के रूप में शपथ लेने पर गर्व है। हमारा धर्म हमें अपना कर्तव्य निभाना सिखाता है और परिणाम के बारे में चिंता नहीं करनी चाहिए, बशर्ते कि हम इसे ईमानदारी से करें।
सुनक ने कहा कि मेरे अद्भुत और प्यारे माता-पिता ने मुझे यही सिखाया है और मैं इसी तरह अपना जीवन जीता हूं। यही मैं अपनी बेटियों को भी सिखाना चाहता हूं, जब वे बड़ी होंगी। यह धर्म ही है, जो सार्वजनिक सेवा के प्रति मेरे दृष्टिकोण में मेरा मार्गदर्शन करता है।
Thank you Prime Minister @RishiSunak for visiting #NeasdenTemple. We appreciate your encouraging words and time with our volunteers. Thank you for your unwavering support and commitment to our shared values. pic.twitter.com/3f10TtOf1S
— Neasden Temple (@NeasdenTemple) June 30, 2024
क्या है बहुमत का आंकड़ा? सरकार बनाने के लिए कितनी सीटों की जरूरत?
आपको बता दें कि ब्रिटेन में किसी भी पार्टी को सरकार बनाने के लिए हाउस ऑफ कॉमन्स (संसद के निम्न सदन) में बहुमत हासिल करना होता है। हाउस ऑफ कॉमन्स में कुल 650 सीटें हैं। इसलिए, किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत पाने के लिए कम से कम 326 सीटें जीतनी होती हैं। यदि कोई पार्टी 326 या उससे अधिक सीटें जीतती है, तो उसे स्पष्ट बहुमत माना जाता है और वह सरकार बनाने के लिए योग्य होती है।
यदि कोई भी पार्टी 326 सीटें नहीं जीत पाती है, तो इसे "हंग पार्लियामेंट" कहा जाता है। ऐसे स्थिति में, सरकार बनाने के लिए गठबंधन या अल्पसंख्यक सरकार का गठन होता है। जैसे कि 2010 के आम चुनाव में कंजरवेटिव पार्टी ने 306 सीटें जीतीं, जो बहुमत से कम थीं। इसलिए उन्होंने लिबरल डेमोक्रेट्स के साथ गठबंधन करके सरकार बनाई थी।
ऋषि सुनक के राजनीतिक करियर पर एक नजर
ऋषि सुनक ने कंजरवेटिव पार्टी के नेता के रूप में चुने जाने के बाद प्रधानमंत्री का पद संभाला। यह प्रक्रिया तब शुरू हुई जब लिज़ ट्रस ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दिया और कंजरवेटिव पार्टी ने नए नेता का चुनाव किया। ऋषि सुनक को पार्टी के भीतर व्यापक समर्थन प्राप्त हुआ और उन्होंने प्रधानमंत्री का पद संभाला। ऋषि सुनक ने 25 अक्टूबर 2022 को ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली।
ब्रिटेन के 5 प्रधानमंत्रियों के कार्यकाल पर नजर
- डेविड कैमरून (2010-16)
- थेरेसा मे (2016-19)
- बोरिस जॉनसन (2019-22)
- लिज़ ट्रस (2022)
- ऋषि सुनक (2022- वर्तमान)












Click it and Unblock the Notifications