1,000 से ज्यादा उड़ानें रद्द, मच गया भयंकर कोहराम! जानिए ब्रिटेन के एयरपोर्ट्स पर अचानक ऐसा क्या हुआ?
UK Air Traffic Control System Failure: ब्रिटेन में मंगलवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में आई तकनीकी खराबी ने हवाई सेवाओं की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। फ्लाइट प्रोसेसिंग सिस्टम में समस्या आने के बाद देश के कई प्रमुख एयरपोर्ट्स पर उड़ानों के संचालन में भारी दिक्कतें आईं। Flightradar24 के मुताबिक, ब्रिटेन के एयरपोर्ट्स से आने-जाने वाली 1,000 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुईं, जबकि बड़ी संख्या में फ्लाइट्स घंटों देरी से चलीं।
हीथ्रो, गैटविक, ल्यूटन और बर्मिंघम समेत कई एयरपोर्ट प्रभावित हुए। ब्रिटिश एयरवेज, ईजीजेट, KLM और लुफ्थांसा जैसी प्रमुख एयरलाइंस की उड़ानों पर भी इसका असर पड़ा। बाद में NATS ने तकनीकी समस्या को ठीक करने का दावा किया, लेकिन उड़ानों का बैकलॉग बना रहा।

NATS के सिस्टम में आई बड़ी तकनीकी खराबी
नेशनल एयर ट्रैफिक सर्विसेज यानी NATS ने बताया कि उसके फ्लाइट प्रोसेसिंग सिस्टम में बड़ी तकनीकी समस्या सामने आई थी। इंजीनियरों ने खराबी की पहचान कर उसे ठीक करने के लिए काम शुरू किया। इस दौरान ब्रिटिश एयरस्पेस खुला रहा और कुछ उड़ानें सामान्य रूप से चलती रहीं, लेकिन एयर ट्रैफिक संचालन की क्षमता प्रभावित हुई। NATS ने यात्रियों को आगाह किया कि सिस्टम ठीक होने के बाद भी हवाई सेवाओं को सामान्य होने में समय लगेगा।
ये भी पढे़ं: कौन हैं गौतम रंगराजन? जिन्हें ब्रिटेन के पीएम एंडी बरनहम ने बनाया अपना खास सलाहकार
ब्रिटिश एयरवेज और ईजीजेट समेत कई एयरलाइंस प्रभावित
तकनीकी खराबी का सीधा असर ब्रिटेन से आने-जाने वाली कई बड़ी एयरलाइंस की उड़ानों पर पड़ा। ब्रिटिश एयरवेज की 96 उड़ानें रद्द होने की जानकारी सामने आई, जबकि ईजीजेट की 92 फ्लाइट्स कैंसिल हुईं। इसके अलावा KLM की 20, लुफ्थांसा की 12 और स्विस एयरलाइंस की 11 उड़ानें भी रद्द हुईं। ईजीजेट ने कहा कि इस तकनीकी समस्या का असर पूरे यूरोप में उड़ानों के संचालन पर पड़ा।
हीथ्रो और गैटविक पर यात्रियों की बढ़ी परेशानी
ब्रिटेन के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट हीथ्रो पर तकनीकी समस्या के कारण करीब 100 उड़ानें रद्द हुईं, जबकि 367 फ्लाइट्स में देरी दर्ज की गई। गैटविक एयरपोर्ट पर करीब 250 उड़ानें देरी से चलीं। इसके अलावा ल्यूटन, बर्मिंघम, एडिनबर्ग, एबरडीन और ग्लासगो एयरपोर्ट पर भी यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। डबलिन एयरपोर्ट ने भी ब्रिटेन से जुड़ी उड़ानों में व्यवधान की जानकारी दी।
सिस्टम ठीक हुआ, लेकिन उड़ानों का बैकलॉग बरकरार
शाम तक NATS ने बताया कि फ्लाइट प्रोसेसिंग सिस्टम की तकनीकी समस्या को ठीक कर दिया गया है और सिस्टम सामान्य रूप से काम करने लगा है। हालांकि, समस्या खत्म होने के बाद भी यात्रियों की परेशानी तुरंत कम नहीं हुई। करीब 15 एयरपोर्ट्स पर उड़ानों में देरी जारी रही, क्योंकि एयरलाइंस और एयरपोर्ट्स पहले से रद्द और प्रभावित उड़ानों के बड़े बैकलॉग को खत्म करने में जुटे थे।
ये भी पढे़ं: Kanishk Narayan: बिहार का लाल बना ब्रिटेन में मंत्री, कनिष्क नारायण कौन? जो UK सरकार में संभालेंगे AI मंत्रालय
पहले भी तकनीकी खराबी से मची थी अफरातफरी
ब्रिटेन के एविएशन नेटवर्क में तकनीकी खराबी से इस तरह की परेशानी पहले भी सामने आ चुकी है। 2024 में ब्रिटेन के एविएशन रेगुलेटर ने NATS को अपनी आकस्मिक व्यवस्थाओं को मजबूत करने की जरूरत बताई थी। इससे पहले फ्लाइट-प्लान प्रोसेसिंग सिस्टम में खराबी के कारण बड़े पैमाने पर उड़ानें प्रभावित हुई थीं। एयरलाइन अधिकारियों के मुताबिक, पिछली ऐसी बाधाओं में रिफंड और मुआवजे के तौर पर एविएशन इंडस्ट्री को 100 मिलियन पाउंड से ज्यादा का नुकसान हुआ था।


Click it and Unblock the Notifications
