Trump Vs Musk: 'लड़कियों का तस्कर ट्रंप का दोस्त', मस्क ने ट्रंप पर लगाए 5 गंभीर आरोप
Trump Vs Musk: अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप और बिजनेस टायकून एलन मस्क के बीच दोस्ती अब खत्म होती दिख रही है। दोनों के बीच चल रही तकरार ने अब एक राजनीतिक तूफान का रूप ले लिया है। 'वन बिग ब्यूटीफुल बिल' को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब व्यक्तिगत हमलों, सरकारी कॉन्ट्रेक्ट और उनकी कंपनी को मिलने वाली सब्सिडी को रद्द करने तक पहुंच गया है। ट्रंप के साथ टकराव के बाद मस्क को आर्थिक नुकसान होता दिख रहा है।
इस वजह से खत्म हुआ 'ब्रोमांस'
डॉनल्ड ट्रंप और एलन मस्क के बीच विवाद की जड़ 'वन बिग ब्यूटीफुल बिल' है। यह बिल टैक्स और खर्च से जुड़ा है। दरअसल "बिग ब्यूटीफुल बिल" का उद्देश्य टैक्स कटौती का विस्तार करना, सीमा सुरक्षा पर खर्च बढ़ाना, और कुछ सरकारी कार्यक्रमों में कटौती करना है, लेकिन इसके वित्तीय और सामाजिक प्रभावों को लेकर गंभीर बहस चल रही है। मस्क ने इस बिल की कड़ी आलोचना करते हुए इसे जनता के पैसे की बर्बादी बताया था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था कि उन्हें यह बिल एक बार भी नहीं दिखाया गया, और यह इतनी जल्दी पास हो गया कि कांग्रेस के ज्यादातर सदस्य इसे पढ़ भी नहीं पाए।

बिल के विवादित बिंदु
- 2017 के टैक्स कट्स एंड जॉब्स एक्ट को स्थायी
- सैलरी में डिडक्शन को बढ़ाना
- सोशल सिक्योरिटी के नाम पर नई टैक्स कटौती
- 30 से 80 हजार डॉलर की इनकम वालों पर 15% टैक्स
- विदेश में पैसे भेजने पर 3.5% से 5% टैक्स
- अमेरिका पर 2.4 से बढ़कर 4 ट्रिलियन डॉलर हो सकता है कर्ज
मस्क की आलोचना से भड़के ट्रंप
एलन मस्क की आलोचना पर डॉनल्ड ट्रंप ने नाराजगी जताई। जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रंप ने मस्क पर तंज कसते हुए कहा, "मैं एलन मस्क से बहुत नाराज हूं। मैंने उनकी बहुत मदद की है।" ट्रंप ने आरोप लगाया कि मस्क इलेक्ट्रिक व्हीकल सब्सिडी में कटौती किए जाने से परेशान हैं। इसके साथ ही उन्होंने मस्क की सरकारी सब्सिडी और कॉन्ट्रैक्ट खत्म करने की धमकी भी दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर लिखा कि बजट में बचत का सबसे आसान तरीका है एलन मस्क की सरकारी सब्सिडी और कॉन्ट्रैक्ट खत्म करना। उन्होंने आश्चर्य जताया कि जो बाइडेन ने यह कदम क्यों नहीं उठाया। ट्रंप का मस्क पर दिया गया ये बयान बताता है कि दोनों के बीच की तकरार किस हद तक पहुंच गई है।
मस्क का पलटवार
डॉनल्ड ट्रंप के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए एलन मस्क ने स्पेस एक्स के ड्रैगन अंतरिक्ष यान को रिटायर करने का ऐलान किया है। इसके अलावा, मस्क ने ट्रंप पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि डॉनल्ड ट्रंप का नाम 'जेफरी एपस्टीन' की सीलबंद फाइलों में है, और यही वजह है कि ये फाइलें सार्वजनिक नहीं की गईं। मस्क का ये बयान ट्रंप के चरित्र पर सीधे हमले के रूप में देखा जा रहा है। इसके अलावा एलन मस्क ने एक्स पर एक पोस्ट का समर्थन भी किया, जिसमें कहा गया था कि राष्ट्रपति ट्रंप के खिलाफ महाभियोग लाना चाहिए और जेडी वेंस को राष्ट्रपति बनना चाहिए। मस्क ने सीधे 'Yes' लिखकर इस बयान का समर्थन किया। मस्क यहीं नहीं रुके, उन्होंने अपने समर्थकों से यह राय भी मांगी कि क्या अमेरिका में एक नई राजनीतिक पार्टी बनाने का समय आ गया है। मस्क यहीं नहीं रुके बल्कि यह भी दावा किया कि उनके बिना डॉनल्ड ट्रंप का चुनाव जीत पाना मुश्किल था। उन्होंने कहा कि उनके बिना ट्रंप चुनाव हार जाते, डेमोक्रेट्स हाउस पर कब्जा कर लेते और रिपब्लिकन सिर्फ मामूली बहुमत से सीनेट में रह पाते। मस्क ने इसे सरासर कृतघ्नता बताया।
लड़कियों के तस्कर से जोड़ा ट्रंप का नाम
जेफरी एपस्टीन एक अमेरिकी बिजनेसमैन था, जिस पर 2019 में यौन तस्करी और नाबालिग लड़कियों के शोषण जैसे कई आरोप लगे थे। इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब वर्जीनिया गिफ्रे नाम की महिला ने एक के बाद एक कई मामले जनता के सामने लाए। गिफ्रे ने बताया कि एपस्टीन और उसकी एक साथी जिसका नाम घिसलीन मैक्सवेल था, उसने उसे 1999 से 2002 के बीच कई लोगों के पास भेजा था, जिनमें ब्रिटेन के राजकुमार एंड्रयू और फ्रांस के मॉडलिंग एजेंट जीन-ल्यूक ब्रनेल शामिल थे। यही नहीं, एपस्टीन पर 2002 से 2005 के बीच न्यूयॉर्क और फ्लोरिडा स्थित अपने घरों में कई नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण का आरोप था। इन सब मामलों के सामने आने के बाद 2019 में एपस्टीन को गिरफ्तार किया गया। बकौल जेल प्रशासन उसने जेल के भीतर आत्महत्या कर ली थी।
एपस्टीन के फाइल में था ट्रंप का नाम?
इस साल एपस्टीन से जुड़ी कुछ फाइलें जनता के लिए खोली गईं, जिनमें कई अहम जानकारियां और उसके हाई-प्रोफाइल संपर्कों का जिक्र था। जेफरी एपस्टीन को अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप का करीबी दोस्त माना जाता था। हालांकि, जितनी फाइलें सार्वजनिक हुईं, उनमें डॉनल्ड ट्रंप का नाम नहीं था। लेकिन ट्रंप और एपस्टीन के रिश्तों की जांच की मांग समय-समय पर उठती रहती है।
"मस्क को अमेरिका से भगाएं"
इसी बीच व्हाइट हाउस के एक पूर्व अधिकारी स्टीव बैनन ने ट्रंप प्रशासन से एलन मस्क के इमीग्रेशन की जांच करने और उन्हें अमेरिका से जल्द डिपोर्ट करने की मांग की है। बैनन ने कहा है कि राष्ट्रपति ट्रंप को एलन मस्क की कंपनी स्पेस एक्स को भी जब्त कर अपने कब्जे में ले लेना चाहिए।
दोनों की कुर्सी खतरे में?
फिलहाल अमेरिका के राष्ट्रपति और दुनिया के सबसे अमीर इंसान एलन मस्क के बीच अब आमने-सामने की लड़ाई हो रही है। सार्वजनिक तौर पर हो रही इस तूतू-मैंमैं ने दोनों के लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं और दोनों की कुर्सियों पर खतरा मंडरा सकता है।
आपकी इस मामले पर क्या राय है, हमें कॉमेंट में जरूर बताएं।












Click it and Unblock the Notifications