ट्रंप का मास्टरस्ट्रोक, बदल दिया कनाडा की प्रसिद्ध झील का नाम, ओंटारियो नहीं अब कहलाएगी 'लेक अमेरिका'
US Canada Trade War: अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापारिक तनाव अब सिर्फ टैरिफ तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसका असर दोनों देशों के रिश्तों और राजनीतिक बयानबाजी पर भी दिखाई देने लगा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा की सीमा से लगी लेक ओंटारियो का नाम बदलकर 'लेक अमेरिका' करने का विचार सामने रखा है।
ट्रंप का यह बयान ऐसे वक्त आया है जब दोनों देशों के बीच टैरिफ को लेकर टकराव तेज हो गया है। अमेरिका ने कनाडाई सामान पर भारी शुल्क लगाया है, जबकि कनाडा भी जवाबी कार्रवाई की तैयारी में है। इस पूरे विवाद में ऑटो, स्टील और एल्युमीनियम जैसे उद्योग केंद्र में हैं।

ट्रंप ने क्या कहा?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल ट्रूथ पर पोस्ट कर लेक ओंटारियो का नाम बदलकर 'लेक अमेरिका' करने की संभावना जताई है। हालांकि, फिलहाल इसे लेकर कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है। लेक ओंटारियो अमेरिका और कनाडा के बीच स्थित पांच ग्रेट लेक्स में से एक है। ट्रंप का यह बयान दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच आया है। इससे पहले वह 'गल्फ ऑफ मेक्सिको' का नाम बदलकर 'गल्फ ऑफ अमेरिका' करने का कदम उठा चुके हैं।
कनाडा का बड़ा ऑटो हब है ओंटारियो
ओंटारियो कनाडा का सबसे अधिक आबादी वाला प्रांत है और देश की अर्थव्यवस्था में इसकी अहम भूमिका है। यहां कनाडा का प्रमुख ऑटोमोबाइल उद्योग केंद्रित है। इसके अलावा स्टील, मैन्युफैक्चरिंग और अन्य औद्योगिक गतिविधियां भी बड़े पैमाने पर होती हैं। ऐसे में अमेरिका और कनाडा के बीच टैरिफ विवाद का सीधा असर ओंटारियो के उद्योगों पर पड़ सकता है। दोनों देशों की ऑटो सप्लाई चेन एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हुई है, इसलिए व्यापारिक टकराव का असर कंपनियों और श्रमिकों तक पहुंचने की आशंका है।
ये भी पढ़ें: 'मोदी-ट्रंप मीटिंग में भारत नहीं चाहता था सवाल-जवाब', US राजदूत के दावों पर विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?
अमेरिका ने लगाया 50 फीसदी टैरिफ
दोनों देशों के बीच बातचीत विफल होने के बाद ट्रंप प्रशासन ने करीब 20 अरब डॉलर के कनाडाई सामान पर 50 फीसदी टैरिफ लगाने का कदम उठाया है। इसके जवाब में कनाडा भी अमेरिकी उत्पादों पर कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। ट्रंप ने कनाडा के वाहनों, ऑटो पार्ट्स और स्टील पर भी नए 50 फीसदी शुल्क लगाने की धमकी दी है। इससे पहले ही दोनों देशों के बीच व्यापारिक रिश्ते तनावपूर्ण हो चुके हैं और नई टैरिफ लड़ाई से सप्लाई चेन प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है।
कार्नी ने अमेरिका पर लगाया बड़ा आरोप
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने अमेरिका पर कनाडा के प्रमुख उद्योगों को कमजोर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। कार्नी के मुताबिक बातचीत के दौरान कनाडा को लगा कि अमेरिकी प्रस्ताव उसके ऑटो, स्टील और एल्युमीनियम जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों के लिए नुकसानदेह है। उन्होंने कहा कि कनाडा अमेरिका की 'सब्सिडियरी' की तरह व्यवहार स्वीकार नहीं करेगा। कार्नी ने संकेत दिया है कि कनाडा जवाबी कार्रवाई में केवल समान टैरिफ लगाने के बजाय अपने श्रमिकों और कारोबारों की सुरक्षा पर केंद्रित कदम उठा सकता है।
ये भी पढ़ें: किम ने ट्रंप को किया इग्नोर! फोन तक नहीं उठा रहे उत्तर कोरिया के तानाशाह, लेकिन क्यों?
दुनिया के सबसे बड़े व्यापारिक रिश्ते पर असर
अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापारिक संबंध दुनिया के सबसे बड़े द्विपक्षीय व्यापारिक रिश्तों में शामिल हैं। दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाएं ऑटोमोबाइल, ऊर्जा, कृषि और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में एक-दूसरे पर काफी निर्भर हैं। सीमा पार कारोबार में किसी भी बड़े व्यवधान का असर कंपनियों, श्रमिकों और उपभोक्ताओं पर पड़ सकता है। ऐसे में लेक ओंटारियो के नाम को लेकर ट्रंप की टिप्पणी भले ही फिलहाल प्रतीकात्मक हो, लेकिन यह अमेरिका-कनाडा संबंधों में बढ़ती राजनीतिक तल्खी को जरूर दर्शाती है।


Click it and Unblock the Notifications
