विश्व के 100 सर्वश्रेष्ठ Airports में भारत के चार हवाई अड्डे शामिल, पहले नंबर पर है इसका नाम
भारत के चार एयरपोर्ट्स इस बार दुनिया के 100 सबसे बेहतर एयरपोर्ट्स की लिस्ट में शामिल हुए हैं
नई दिल्ली, 23 जूनः पूरी दुनिया में एक हवाई यात्री को सबसे अच्छा एयरपोर्ट चुनने के लिए आधुनिकता, भव्यता व कुशलता का ध्यान रखना पड़ता है। भारत में भी एयरपोर्ट्स के मौजूदा बुनियादी ढांचों को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किया जाता रहा है। इसका सकारात्मक परिणाम भी मिला है तभी भारत के चार एयरपोर्ट्स इस बार दुनिया के 100 सबसे बेहतर एयरपोर्ट्स की लिस्ट में शामिल हुए हैं।

स्काईट्रैक्स ने जारी की सूची
स्काईट्रैक्स ने अपने वर्ल्ड एयरपोर्ट अवार्ड्स 2022 की सूची जारी की है। इसमें चार भारतीय हवाई अड्डों ने जगह बनाई है जो कि देश के लिए एक सकारात्मक खबर है। सर्वश्रेष्ठ 100 हवाई अड्डों की लिस्ट में दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, बेंगलुरु का केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, हैदराबाद अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे और मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा शामिल हैं।

भारत के ये एयरपोर्ट्स हैं शामिल
दिल्ली हवाई अड्डा सबसे अच्छा भारतीय हवाई अड्डा है, जो 37 वें स्थान पर है। बेंगलुरु हवाई अड्डा 61 वें स्थान पर है, हैदराबाद अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को 63 वां स्थान प्राप्त हुआ है, जबकि मुंबई हवाई अड्डा 65 वें स्थान पर है। यह पुरस्कार समारोह 16 जून को पेरिस, फ्रांस में पैसेंजर टर्मिनल एक्सपो में आयोजित किया गया था और इसने वैश्विक स्तर पर 500 से अधिक हवाई अड्डों को कवर किया।

दिल्ली एयरपोर्ट सूची में सबसे ऊपर
दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा 'स्काईट्रैक्स विश्व हवाईअड्डा पुरस्कार' की सूची में देश और साउथ एशिया का लगातार चौथी बार सबसे 'श्रेष्ठ' हवाईअड्डा बना है। जीएमआर ने शुक्रवार को जारी एक बयान में यह जानकारी देते हुए बताया कि कुल रैंकिंग में भी आईजीआई सुधार के साथ 37वें स्थान पर आ गया है, जो एक साल पहले 45वें पर था। जीएमआर इंफ्रा के नेतृत्व वाले हवाई अड्डे को भारत और दक्षिण एशिया में "सबसे स्वच्छ हवाई अड्डा" घोषित किया गया है।

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, नई दिल्ली
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, देश की राजधानी दिल्ली का प्राथमिक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है। लगभग 60 मिलियन यात्रियों की वार्षिक क्षमता के साथ यह भारत का सबसे व्यस्ततम हवाई अड्डा भी है। यहां एक एकीकृत अंतरराष्ट्रीय व घरेलु टर्मिनल है। यहां स्थित टर्मिनल-3, 9 स्तरीय यात्री टर्मिनल भवन है जिसमें 1. 2 किलोमीटर लंबे दो खभे हैं। कहा जाता है कि यह टर्मिनल दुनिया का छठा सबसे लंबा टर्मिनल है।

छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, मुम्बई
छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, मुम्बई के उपनगरीय इलाके सांताक्रूज़ और सहर में लगभग 1450 एकड़ के क्षेत्रफल में फैला हुआ है। मुम्बई का यह हवाई अड्डा साल में लगभग ढाई करोड़ यात्रियों को सेवा प्रदान करता है।

केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, बेंगलुरु
हर साल 1 करोड़ से अधिक यात्रियों को सेवा प्रदान करते हुए बेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, देश का तीसरा सबसे व्यस्ततम हवाई अड्डा है। लगभग 4000 एकड़ में फैला यह हवाई अड्डा 2008 में शुरू हुआ था, जिसका निर्माण एक निजी कंपनी द्वारा करवाया गया। सिंगल, पूरी तरह से वातानुकूलित, यह दो स्तरीय इमारत एक समय में लगभग 3,000 अंतरराष्ट्रीय और घरेलू यात्रियों को समायोजित करने में सक्षम है।

राजीव गाँधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, हैदराबाद
राजीव गाँधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, हैदराबाद महानगर के दक्षिण में लगभग 22 किलोमीटर दूरी पर शमशाबाद में स्थित है। यह एक निजी कंपनी द्वारा संचालित किया जाता है और साल में लगभग 70 लाख यात्रियों को सेवा प्रदान करता है। यह हवाई अड्डा पंक्तिबद्ध बैगेज स्क्रीनिंग मशीन, चेक इन, देर होने से बचने के लिए इमीग्रेशन काउंटर्स और भीड़ को अच्छी तरह से नियंत्रित करने के लिए विश्व स्तरीय सुविधाओं से उत्कृष्ट है।












Click it and Unblock the Notifications