Thailand Bangkok Bar Fire: बैंकॉक के पब में भीषण आग, 27 की मौत, 60 से ज्यादा घायल, कैसे हुआ हादसा?
Thailand Bangkok Bar Fire: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में सोमवार देर रात एक बार में भीषण आग लगने से 27 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 60 से अधिक लोग घायल हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
कई लोग जान बचाने के लिए इमारत के पिछले हिस्से में बने टॉयलेट में छिप गए, लेकिन धुएं और आग के तेज लपटों के बीच बाहर नहीं निकल सके। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग बिजली के कट-आउट स्विच के पास लगी थी। फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है।

Thailand Nightclub Fire: देर रात मची अफरा-तफरी
फायर ब्रिगेड को सोमवार रात करीब 12 बजे के बाद आग लगने की सूचना मिली। जब दमकल की टीम मौके पर पहुंची तो बार के मुख्य दरवाजे से लोग जान बचाकर बाहर भाग रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के वीडियो में इमारत से ऊंची-ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं। हादसे में 27 लोगों की मौत हुई, जिनमें 9 पुरुष और 18 महिलाएं शामिल हैं।
ये भी पढ़ें: Thailand Visa Rules: थाईलैंड जाने वाले सावधान! वीज़ा नियमों में हुआ बड़ा बदलाव, सरकार ने क्यों उठाया ये कदम
बिजली के स्विच के पास लगी आग
प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल ने बताया कि आग लगने के समय बार में प्रस्तुति दे रहे एक संगीतकार के मुताबिक सबसे पहले बिजली के कट-आउट स्विच के पास आग लगी। इसके बाद तेज धमाकों जैसे हालात बने और कुछ ही मिनटों में पूरा बार धुएं और आग की चपेट में आ गया। कई लोग पीछे बने टॉयलेट में छिप गए, लेकिन बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिल सका। सबसे ज्यादा शव वहीं से बरामद हुए।
आधे घंटे में बुझी आग, लेकिन तब तक हो चुका था बड़ा नुकसान
दमकलकर्मियों ने करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हालांकि तब तक पूरा बार बुरी तरह जल चुका था। आग बुझने के बाद बाहर बड़ी संख्या में बॉडी बैग दिखाई दिए। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया। बार के अंदर फर्नीचर, दीवारें और छत पूरी तरह जलकर काली पड़ गईं, जबकि छत के कुछ हिस्से भी ढह गए।
ये भी पढे़ं: 78वें मंजिल पर Swimming Pool में नहा रहा था Couple, फिर जो हुआ...., Bangkok से सामने आया भूकंप का खौफनाक CCTV
ज्वलनशील सजावट पर उठे सवाल, जांच जारी
यह हादसा बैंकॉक के चातुचक जिले में स्थित लोकप्रिय बार 'रोंग बीयर ना लाट फ्राओ' में हुआ। घटनास्थल पर पहुंचे बैंकॉक के गवर्नर चाचार्ट सित्तिपुंत ने कहा कि बार के अंदर लगी ज्वलनशील सजावटी सामग्री के कारण आग बेहद तेजी से फैली। हालांकि आग लगने की असली वजह अभी साफ नहीं है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


Click it and Unblock the Notifications
