तालिबान ने किया अफगानिस्तान की पूर्ण स्वतंत्रता का ऐलान, लड़ाकों का जश्न, आतिशबाजी, बेकाबू काबुल एयरपोर्ट
आखिरी अमेरिकी विमान के काबुल एयरपोर्ट से उड़ते ही तालिबान ने पूर्ण स्वतंत्रता का ऐलान कर दिया है। अमेरिका ने कहा कि अब काबुल एयरपोर्ट पूरी तरह से बेकाबू है।
काबुल, अगस्त 31: अफगानिस्तान में अमेरिका का मिशन पूरी तरह से खत्म हो गया है और 31 अगस्त की आखिरी तारीख से पहले ही अमेरिका ने अपने सभी सैनिकों को अफगानिस्तान से बाहर निकाल लिया है और इसके साथ ही तालिबान ने पूर्ण स्वतंत्रता का ऐलान रक दिया है और तालिबान के लड़ाके आतिशबाजी कर जश्न मना रहे हैं। 20 साल के युद्ध के बाद और अंतिम अमेरिकी फ्लाइट के काबुल एयरपोर्ट से उड़ान भरने के साथ ही तालिबान ने अफगानिस्तान के लिए "पूर्ण स्वतंत्रता" की घोषणा कर दी है।
Recommended Video

पूर्ण स्वतंत्रता का ऐलान
तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने मंगलवार सुबह-सुबह कहा कि "अमेरिकी सैनिकों ने काबुल हवाई अड्डे को छोड़ दिया है और हमारे देश को पूर्ण स्वतंत्रता मिली।" अमेरिका ने भी पुष्टि कर दी है कि मंगलवार को तय समय सीमा से पहले ही उसका आखिरी विमान काबुल से निकल चुका है। पिछले दो हफ्ते से अमेरिका लगातार अफगानिस्तान में लोगों को निकालने के अभियान में जुटा हुआ था, जो अब खत्म हो गया है। इसके साथ ही देश के करीब 85 प्रतिशत हिस्से पर तालिबान का पूर्ण नियंत्रण स्थापित हो गया है। वहीं, पंजशीर घाटी अभी भी नॉर्दर्न एलायंस और अफगानिस्तान के पूर्व उप-राष्ट्रपति अमरूल्ला सालेह के कब्जे में है।
बंदूक चलाकर आतिशबाजी
अफगानिस्तान से आई रिपोर्ट के मुताबिक, जब तालिबानी लड़ाकों ने देखा कि आखिरी अमेरिकी विमान ने काबुल एयरपोर्ट से उड़ान भर ली है, तो फिर खुशी के मारे उन्होंने जमकर फायरिंग करनी शुरू कर दी। काफी देर तक तालिबान के लड़ाके हवा में फायरिंग करते रहे। पिछले 20 सालों की लंबी लड़ाई के बाद अमेरिका ने अपना मिशन पूरी तरह से खत्म कर दिया है और इसके साथ ही अब अफगानिस्तान पूरी तरह से तालिबान के नियंत्रण में एक बार फिर से आ गया है। अमेरिका ने पिछले दो हफ्तों में विश्व का सबसे बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया है और अपने सबसे बड़े मालवाहक हवाई जहाज से अफगानिस्तान के कई हजार लोगों को बाहर निकाला है। वॉशिंगटन में यूएस सेन्ट्रल कमांड के प्रमुख जनरल फ्रैंक मैकेंजी ने कहा कि काबुल एयरपोर्ट से आखिरी विमान ने रात 12 बजने से ठीक एक मिनट पहले उड़ान भरी।

अब बेकाबू काबुल एयरपोर्ट
काबुल एयरपोर्ट से अमेरिकी सैनिकों की वापसी के साथ ही काबुल एयरपोर्ट पूरी तरह से असुरक्षित हो गया है। यूएस फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने सोमवार को कहा कि काबुल हवाईअड्डा अब एयर ट्रैफिक कंट्रोल सर्विस के बिना है और इसके साथ ही अमेरिका ने अफगानिस्तान के लिए अपनी सारी उड़ाने रद्द कर दी है। एफएए ने एक बयान में कहा कि "एयर ट्रैफिक सर्विस में कही और सिविल एविएशन अथॉरिटी के फंक्शनल नहीं होने की वजह से अमेरिका ने फिलहाल अफगानिस्तान के लिए सभी उड़ाने बंद कर दी हैं। अमेरिका के सभी पायलट, अमेरिका रजिस्टर्ड पायलटों और अमेरिकी विमानों के अफगानिस्तान जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। अफगानिस्तान के हवाई क्षेत्र में भी जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। इस महीने की शुरुआत में अमेरिकी सेना ने कहा कि उसने अफगानिस्तान से हजारों लोगों को निकालने में मदद करने के लिए काबुल में एयर ट्रैफिक कंट्रोल की जिम्मेदारी संभाली थी।












Click it and Unblock the Notifications