शांति प्रक्रिया की कोशिशों के बीच तालिबान ने एक और आर्मी बेस को बनाया निशाना, 12 की मौत
काबुल। सोमवार को पूर्वी अफगानिस्तान में स्थित एक आर्मी बेस और पुलिस ट्रेनिंग एकेडमी पर तालिबान ने हमला किया है। इस हमले में 12 लोगों के मारे जाने की खबरें हैं। बताया जा रहा है कि 30 से ज्यादा लोग इसमें घायल हैं। इस जगह के पब्लिक हेल्थ ऑफिसर सलेम असगरखेल की ओर से बताया गया है कि हमलस वर्दक प्रांत में हुआ और जिन लोगों की मौत हुई है वे सभी सेना के जवान थे। घायलों को इलाज के लिए प्रांत के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जो लोग गंभीर रूप से घायल हैं उन्हें काबुल लाया गया है।

आधे अफगानिस्तान पर हो चुका है तालिबान का कब्जा
गृह मंत्रालय के उप प्रवक्ता नसरत राहिमी ने बताया कि एक आत्मघाती कार बम हमलावर ने पहले आर्मी बेस को निशाना बनाया और इसके बाद आतंकवादियों ने अफगान बलों पर गोलीबारी की। अफगानिस्तानी सैनिकों ने दो तालिबानी आतंकवादियों को मार गिराया। तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने मीडिया को बयान जारी कर इस हमले की जिम्मेदारी ली। सोमवार को जो हमला हुआ है उससे एक दिन पहले ही लोगार प्रांत में भी हमला हुआ था। उस हमले में आठ सुरक्षाकर्मी मारे गए थे। तालिबान ने पिछले कुछ माह में एक के बाद एक कई हमलों के अंजाम दिया है।
हमले ऐसे समय में हो रहे हैं जब अमेरिका की ओर से तालिबान को शांति वार्ता की पेशकश की गई है। यूएस स्पेशल इनस्पेक्टर जनरल ऑफ अफगानिस्तान रि-कंस्ट्रक्शन (सिगार) की ओर से जो आंकड़ें जारी किए गए हैं, उनके मुताबिक तालिबान इस समय आधे अफगानिस्तान पर अपना कब्जा किए हुए है। जुलाई 2018 से ही अमेरिका, तालिबान के साथ शांति वार्ता की कोशिशें कर रहा है मगर अभी तक उसे कोई भी सफलता हासिल नहीं हो सकी है।












Click it and Unblock the Notifications