Sweden Uppsala Firing: स्वीडन के हेयर सैलून में गोलीबारी से अफरा-तफरी, 3 लोगों की मौत
Sweden Uppsala Firing : स्वीडन में 29 अप्रैल की शाम उस वक्त दहशत फैल गई, जब उप्साला शहर में एक हेयर सैलून के पास अचानक गोलीबारी हो गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और कुछ लोग घायल भी हुए हैं।
ये घटना तब हुई जब वहां लोग 'वालपुरगीस' नाम का वसंत त्योहार मनाने के लिए सड़कों पर निकले थे। ये त्योहार स्वीडन में काफी धूमधाम से मनाया जाता है, और उसी वक्त किसी ने भीड़भाड़ वाली जगह पर गोलियां चला दीं।

पुलिस को इस गोलीबारी की कई कॉल्स मिलीं और तुरंत इमरजेंसी टीम मौके पर भेजी गई। घटना शहर के बीचोंबीच वक्साला स्क्वायर के पास हुई, जो राजधानी स्टॉकहोम से करीब 60 किलोमीटर दूर है।
क्या बोले प्रत्यक्षदर्शी?
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने करीब 5 गोलियां चलने की आवाज सुनी और लोग इधर-उधर भागते नजर आए। कुछ लोगों ने एक संदिग्ध को स्कूटर पर भागते हुए भी देखा है। फिलहाल पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है और एक संदिग्ध की तलाश जारी है। इस बीच शहर के एक बड़े हिस्से को पुलिस ने सील कर दिया है।
स्वीडन में बीते कुछ सालों से बंदूक हिंसा बढ़ रही है, खासकर गिरोह से जुड़ी वारदातों में। फरवरी में भी एक बड़ा हमला हुआ था जब ओरेब्रो शहर में एक बेरोजगार युवक ने एजुकेशन सेंटर पर फायरिंग कर दी थी जिसमें कई लोगों की जान गई थी।
परेशानी की बात ये है कि कई मामलों में ऐसे किशोर शामिल पाए गए हैं जो 15 साल से भी कम उम्र के होते हैं, जिन्हें जानबूझकर इसलिए चुना जाता है क्योंकि वे कानूनन सजा की उम्र से छोटे होते हैं। अब सरकार ने इस बढ़ती हिंसा को देखते हुए बंदूक से जुड़े कानून और सख्त करने की तैयारी कर ली है।












Click it and Unblock the Notifications