'मोदी जी से इंप्रेश हूं', नेपाल की सत्ता संभालने जा रही सुशीला कार्की ने भारत को लेकर क्या कहा?
Nepal India relationship: नेपाल में जारी राजनीतिक उथल-पुथल के बीच, पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की को देश की अंतरिम प्रमुख के रूप में चुना गया है। Gen Z से अपार समर्थन मिलने के बाद सुशीला कार्की का प्रधानमंत्री बनना तय हो चुका है। नेपाल की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश रह चुकी 73 वर्षीय सुशीला कार्की ने भारत के प्रति गर्मजोशी व्यक्त की है और दोनों देशों के बीच मधुर संबंधों की उम्मीद जताई है।
बुधवार को दिए एक बयान में, कार्की ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपनी प्रशंसा व्यक्त की, इस दौरान उन्होंने "मोदी जी" कहकर संबोधित किया। उन्होंने भारत के साथ "अच्छे संबंध" होने की बात कही।

मेरे जेहन में मोदी जी के लिए अच्छा इंप्रेशन है
न्यूज18 को दिए इंटरव्यू में पीएम मोदी से अपनी उम्मीदों के बारे में पूछे जाने पर कार्की ने कहा, भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली से प्रभावित कार्की ने कहा, "मोदी जी को नमस्कार, मेरे जेहन में मोदी जी के लिए अच्छा इंप्रेशन है।" सुशीला कार्की ने यह भी बताया कि वो लंबे समय से से भारत के संपर्क में नहीं थीं।
सुशीला कार्की ने भारत-नेपाल के संबंधों को मजबूत करने की इच्छा व्यक्त करते हुए कहा, "हम इस बारे में बात करेंगे। जब यह एक अंतरराष्ट्रीय मामला होता है, दो देशों के बीच, तो कुछ लोग एक साथ बैठकर नीति बनाते हैं।" कार्की ने लोगों के बीच मजबूत संबंधों पर जोर दिया, भले ही सरकारी संबंध "एक अलग मामला" हों।
सुशील कुर्की ने कहा, "नेपाल के लोगों और भारत के लोगों के बीच बहुत अच्छे संबंध हैं। यह बहुत अच्छा रिश्ता है। हमारे कई रिश्तेदार, कई परिचित... हमारे पास बहुत सद्भावना, बहुत प्यार है।" उन्होंने किसी भी नेता का नाम लिए बिना भारतीय नेताओं की तारीफ और उन्हें "अपने भाई-बहन" बताया।
BHU के दिनों को याद कर क्या बोलीं सुशीला कुर्की?
कार्की ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में अपने मास्टर डिग्री के दिनों को याद किया। उन्होंने बताया, "मुझे आज भी अपने शिक्षक, दोस्त याद हैं। मुझे आज भी गंगा नदी याद है। गंगा के किनारे एक छात्रावास था और गर्मी में रात को हम छत पर सोते थे।"
भारत-नेपाल के संबंध पर क्या बोलीं सुशीला कार्की?
सुशीला कार्की ने हिंदी में बात करते हुए कहा, "मैं भारत की सीमा के पास, बिराटनगर की नागरिक हूं। शायद मेरे घर से (भारत) केवल 25 मील दूर है।" उन्होंने बताया कि वह नियमित रूप से सीमा पर बाजार जाती थीं।
भारत से अपनी उम्मीदों के बारे में, कार्की ने कहा, "भारत ने हर समय नेपाल की मदद की है। भारत के साथ संबंधों पर खुलकर बात करते हुए, कार्की ने कहा कि दोनों देशों का रिश्ता बहुत पुराना है और जनता से जनता का जुड़ाव गहरा है। उन्होंने बताया कि उनके कई रिश्तेदार और दोस्त भारत में रहते हैं। उन्होंने इस रिश्ते की तुलना रसोई के बर्तनों से की, जहां कभी-कभी खटपट होती है, लेकिन रिश्ता मजबूत बना रहता है।
सुशीला कार्की ने नेपाल में भारतीयों की सुरक्षा की दी गारंटी
सुशीला कार्की ने नेपाल में भारतीयों की सुरक्षा का भी आश्वासन दिया और बताया कि सेना ने अब व्यवस्था बहाल करने का काम किया है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों की मृत्यु हुई है, उनके परिवारों को न्याय मिलेगा। नेपाल में सोशल मीडिया प्रतिबंध के बाद हुई हिंसक विरोध प्रदर्शनों में कम से कम 25 लोग मारे गए थे, जिसके बाद सरकार मंगलवार को गिर गई। हालांकि, अंतरिम सरकार को लेकर उन्होंने कहा कि अभी उनके नाम का केवल प्रस्ताव हुआ है और कुछ भी तय नहीं हुआ है। चर्चाएं अभी जारी हैं।












Click it and Unblock the Notifications