Sheikh Hasina Speech: दिल्ली के कार्यक्रम में अचानक शामिल हुईं शेख हसीना, आगबबूला हुआ बांग्लादेश
Sheikh Hasina speech in India: तख्तापलट के बाद भारत में शरण ले रहीं बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने पहली बार सार्वजनिक रूप से अपना संबोधन दिया है, जिससे ढाका और नई दिल्ली के बीच कूटनीतिक तनाव बढ़ गया है। 23 जनवरी 2026 को दिल्ली के प्रेस क्लब में एक ऑडियो संदेश के जरिए हसीना ने मौजूदा अंतरिम सरकार पर तीखा हमला बोला।
इस घटनाक्रम पर बांग्लादेश की मोहम्मद यूनुस सरकार ने कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे द्विपक्षीय संबंधों के लिए एक 'खतरनाक मिसाल' करार दिया है।

Delhi Press Club Sheikh Hasina audio message: शेख हसीना का तीखा संबोधन
अगस्त 2024 में देश छोड़ने के बाद अपने पहले सार्वजनिक भाषण में शेख हसीना ने मोहम्मद यूनुस को "खूनी फासीवादी" और "सत्ता का भूखा गद्दार" बताया। उन्होंने दावा किया कि यूनुस के नेतृत्व में बांग्लादेश में कभी भी निष्पक्ष चुनाव नहीं हो सकते। हसीना ने अपने समर्थकों से आह्वान किया कि वे इस "कठपुतली सरकार" को उखाड़ फेंकने के लिए एकजुट हों। उन्होंने मौजूदा स्थिति को बांग्लादेश की संप्रभुता और संविधान के लिए एक बड़ा खतरा बताया।
ये भी पढ़ें: Sheikh Hasina Interview: 'यूनुस बांग्लादेश को नर्क में झोंक रहे’, हिन्दुओं पर हमले के पीछे किसे बताया वजह?
ढाका की 'स्तब्ध' करने वाली प्रतिक्रिया
हसीना के इस भाषण पर प्रतिक्रिया देते हुए बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने कहा कि वे इस बात से 'हैरान और स्तब्ध' हैं कि भारत ने एक "भगोड़े" और "मानवता के खिलाफ अपराधों के दोषी" को अपनी धरती से घृणास्पद भाषण (Hate Speech) देने की अनुमति दी। ढाका ने इसे बांग्लादेश की जनता और सरकार का सीधा अपमान बताया है। मंत्रालय का मानना है कि ऐसे भड़काऊ बयानों से बांग्लादेश की शांति और सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।
द्विपक्षीय संबंधों पर मंडराता खतरा
बांग्लादेश सरकार ने कहा है कि भारत द्वारा हसीना को इस तरह के सार्वजनिक मंच उपलब्ध कराना इंटर-स्टेट संबंधों के मानदंडों के खिलाफ है। बयान में कहा गया कि यह कदम भविष्य में दोनों देशों के बीच सहयोग और भरोसे को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचा सकता है। ढाका ने इस बात पर भी दुख जताया कि बार-बार अनुरोध के बावजूद भारत प्रत्यर्पण समझौते के तहत शेख हसीना को सौंपने की अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं कर रहा है।
ये भी पढे़ं: Sheikh Hasina: शेख हसीना ने पूर्वोत्तर पर दिया अलर्ट, बोलीं- यूनुस शासन में नॉर्थ-ईस्ट पर बड़ा खतरा
Bangladesh general elections 2026: 12 फरवरी को बांग्लादेश में होगा आम चुनाव
यह विवाद ऐसे समय में आया है जब बांग्लादेश में 12 फरवरी 2026 को आम चुनाव होने वाले हैं। शेख हसीना की पार्टी 'अवामी लीग' को इन चुनावों में भाग लेने से रोक दिया गया है। ऐसे में हसीना के भड़काऊ भाषण को चुनाव प्रक्रिया को बाधित करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। बांग्लादेश सरकार ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के दौरान होने वाली किसी भी हिंसा के लिए वह हसीना और उनके समर्थकों को जिम्मेदार ठहराएगी।












Click it and Unblock the Notifications