भारत की जनता को बधाई, पाकिस्तान सीखे सबक.. इलेक्शन रिजल्ट्स को लेकर बोला पाकिस्तान, शहबाज का शुभ संदेश!
Pakistan on Indian Election Result: पाकिस्तान की सत्तारूढ़ पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) पार्टी के एक प्रांतीय मंत्री ने मंगलवार को भारत में आम चुनावों में विजेताओं को बधाई दी और कहा, कि इसके परिणाम क्षेत्र में प्रगति और समृद्धि लाएंगे।
पंजाब के सूचना मंत्री आजमा बोखारी, जो प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की पार्टी के नेता हैं, उन्होंने चुनाव परिणामों पर समाचार एजेंसी पीटीआई से संक्षिप्त बातचीत में कहा, कि "पाकिस्तान, भारत के लोगों और चुनाव के विजेताओं को बधाई देता है, और उम्मीद करता है कि इसके परिणाम (नई सरकार) उपमहाद्वीप में शांति, प्रगति और समृद्धि लाएंगे।"

शहबाज शरीफ का बधाई संदेश
बोखारी ने आगे कहा, कि पाकिस्तान भारत के लोगों के लिए शुभकामनाएं व्यक्त करता है और एक बार नई सरकार बनने के बाद, प्रधानमंत्री शरीफ और विदेश कार्यालय एक नीति वक्तव्य जारी करेंगे।
इस बीच, पाकिस्तान के पूर्व मंत्रियों और विशेषज्ञों ने भारतीय चुनावों के नतीजों पर अपनी राय पेश की है, जिनमें से कुछ नेताओं ने पाकिस्तान से अपने पड़ोसी देश भारत से सबक सीखने का आग्रह किया है। पूर्व संघीय मंत्री हम्माद अजहर ने एक लंबी पोस्ट में कहा, कि पाकिस्तान को भारत से सबक सीखना चाहिए।
उन्होंने कहा, "भारतीय चुनावों ने पाकिस्तानी सत्ता प्रतिष्ठान के लिए कई सबक पेश किए हैं। लोकतांत्रिक प्रक्रिया एक स्व-सुधार माध्यम है, बशर्ते इसे बिना किसी हस्तक्षेप के अपना रास्ता अपनाने दिया जाए। भारत में कुल एक अरब मतदाता हैं, फिर भी चुनाव सुचारू रूप से और समय पर हुए हैं। लेकिन, हम भारत की तुलना में काफी कम मतदाताओं के रहने के बाद भी ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) के माध्यम से चुनाव नहीं करा सके। आम जनता की समझदारी 4 या 5 लोगों की समझदारी से ज्यादा होती है।"
अज़हर ने यह भी कहा, कि भारत में फॉर्म 45 या फॉर्म 47 की जालसाजी की कोई रिपोर्ट नहीं है। उन्होंने कहा, "आज भारत के लोग सशक्त महसूस करते हैं, और अपनी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनका भरोसा बढ़ा है। हमारे लोगों को उनके चुराए गए जनादेश के कारण विश्वासघात का अहसास होता है।"
हालंकि, इमरान खान की पार्टी के नेता फवाद चौधरी, जो देश के सूचना प्रसारण मंत्री रह चुके हैं, उन्होंने जहर उगलते हुए कहा है, कि "भारतीय मतदाताओं ने चरमपंथ को नकार दिया है।"
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक संदेश में कहा, कि "मुझे हमेशा से भारतीय मतदाताओं पर भरोसा था, कि वे चरमपंथियों और नफरत फैलाने वालों को नकार देंगे और यह बहुत स्पष्ट है कि मोदी और राजनाथ भी मुश्किल से लोकसभा तक पहुंच पा रहे हैं... राहुल गांधी दोनों सीटें जीत रहे हैं...।"
पत्रकार और मानवाधिकार अधिवक्ता मारवी सिरमद ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, कि भारत के लोगों ने मतपत्र के माध्यम से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, कि "भारत के लोगों को मतपत्र के माध्यम से अपनी बात रखने और अपनी पसंद की पार्टियों को लाने के लिए बधाई। चुनावी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए बधाई - जो कि दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक प्रक्रिया है। यह लोकतंत्र का जश्न मनाने का दिन है!"












Click it and Unblock the Notifications